छोटा दारोगा को गोली मारी, युवक की लाठी-फरसे से हत्या; लव मैरिज पर मुहर्रम के अखाड़े में खूनी खेल?
बिहार के दरभंगा में मोहर्रम पर खून बहाने की वारदात में तीन साल पुराने लव मैरिज का ऐंगल सामने आया है। इस घटना में एक एएसआई को गोली मारी गई तो आरोपित को भीड़ ने कुचलकर मार दिया।

Moharram Julus Murder: बिहार के दरभंगा के ओझौल गांव में शुक्रवार को मुहर्रम अखाड़े की लाइट बुझाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। अखाड़े के पास हुई झड़प के दौरान एक युवक ने पटना में तैनात बिहार पुलिस के एएसआई के पेट में गोली मार दी। इससे भड़की भीड़ ने आरोपित युवक की फरसे तथा लाठी-डंडों से पीटकर उसकी हत्या कर दी। बिहार में मोहर्रम पर खून बहाने की वारदात में तीन साल पुराने लव मैरिज का ऐंगल सामने आया है।
मृत युवक की पहचान ओझौल गांव निवासी दिलीप सहनी के पुत्र सुनील सहनी (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, पेट में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल एएसआई मो. मोबिन (30 वर्ष) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल एएसआई के भाई मो. शमील्लाह के अनुसार, सुबह के वक्त वे लोग ताजिया बैठा रहे थे। इसी दौरान सुनील दोस्तों के साथ वहां पहुंचा और गोली चलाकर अखाड़े की लाइट काट दी। वहां मौजूद एएसआई मो. मोबिन जब उसे समझाने लगे तो सुनील ने उनके पेट में गोली दाग दी। उग्र लोगों ने सुनील को घेर लिया। मारपीट के दौरान किसी ने फरसे से सुनील के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
प्रेम विवाह का ऐंगल
वहीं, सुनील के पिता दिलीप सहनी ने प्रेम विवाह की रंजिश में हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि सुनील कबाड़ का काम करता था और तीन साल पहले उसने मोबिन की भतीजी से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वह अहमदाबाद चला गया था और दो दिन पहले गांव लौटा था। सुबह किसी ने फोन कर उसे शिव मंदिर के पास बुलाया था। वहां मोबिन और अन्य ने शादी का विरोध करते हुए विवाद किया। पिता ने गांव के ही सोनू, मोनू और राहुल समेत 10 लोगों पर तीन दिन पहले धमकी देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुहर्रम के जुलूस के बहाने उनके बेटे की हत्या कर दी गई। मोबिन ने साजिश करके उसकी हत्या करवा दी।
सुनील का आपराधिक इतिहास
इस मामले में दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने बताया कि मृतक सुनील का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बहादुरपुर थाने में तीन और सीतामढ़ी के पुपरी थाने में हत्या के प्रयास, अपहरण, चोरी व आर्म्स एक्ट में एक एफआईआर दर्ज है। पुलिस सभी मामलों की जानकारी ले रही है। मृतक के परिजनों से बात की जा रही है ताकि और जानकारी जुटाई जा सके।
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

