सेक्स रैकेट के विरोध पर मारे गए बंटी की मौत के बाद ASI समेत 4 सस्पेंड, 100 मीटर पर होकर भी पुलिस ने कुछ नहीं किया
पटना में देह व्यापार का विरोध करने पर बंटी की हुई हत्या के मामले में अब पुलिसवालों पर ऐक्शन लिया गया है। पटना के सीनियर एसपी ने एएसआई समेत 4 पुलिस वालों को सस्पेंड कर दिया है। बंटी को अगवा कर उनकी हत्या कर दी गई थी।

पटना के चर्चित बंटी हत्याकांड में अब पुलिसवालों पर गाज गिर रही है। बता दें कि राजधानी पटना में सेक्स रैकेट का विरोध करने पर बदमाशों ने पहले बंटी को अगवा किया था और फिर उनकी हत्या कर उनके शव को मिट्टी में गाड़ दिया था। बंटी का शव मिलने के बाद कोहराम मच गया था। परिजनों में काफी आक्रोश भी देखने को मिला था। साथ ही साथ पुलिस की कार्यशैली पर सभी सवाल उठे थे। अब सिटी एसपी की अनुशंसा पर एएसआई समेत 4 पुलिसवालों को सस्पेंड कर दिया गया है। दरअसल 6 जुलाई को पटना जंक्शन के पास स्थित दूध मंडी के पास से बंटी का अपहरण हुआ था। इसका एक वीडियो भी सामन आया था। इस वीडियो में कुछ लोग बंटी से हाथापाई करते और फिर उनको अगवा करते नजर आए थे।
न्यू करबिगहिया इलाके में रहने वाले बंटी के परिजनों का कहना है कि बंटी स्टेशन के आसपास चल रहे देह व्यापार का विरोध कर रहे थे और इसीलिए उनकी हत्या कर दी गई थी। अपहरण के पांचवें दिन बंटी का शव अथमलगोला इलाके से बेहद ही बुरी हालत में बरामद हुआ था। यह भी कहा गया था कि जिस वक्त बंटी को अगवा किया गया था उस वक्त कुछ पुलिसवाले महज 100 मीटर की दूरी पर खड़े थे लेकिन उन्होंने कुछ भी नहीं किया था। अब इस पूरे प्रकरण में सिटी एसपी की अनुशंसा पर एसएसपी ने पुलिसवालों को सस्पेंड करने की बड़ी कार्रवाई की है।
बताया जाता है कि अपहरण की घटना से करीब 15 दिन पहले बंटी और रविश कुमार के बीच सक्स रैकेट को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि रविश एक किन्नर और कुछ लड़कियों के साथ गली से गुजर रहा था। इसी दौरान रविश के मकान के पास किन्नर और लड़की में झगड़ा शुरू हो गया। शोर सुनकर बाहर आए बंटी ने उन सभी को वहां से चले जाने के लिए कहा था। बंटी ने उनसे कहा था कि उनकी वजह से मोहल्ला बदनाम हो रहा है और उन्हें इस तरह का धंधा बंद कर देना चाहिए।
आरोप है कि इसपर रविश ने बंटी को गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। परिजनों का कहना है कि जब 06 जुलाई को बंटी को किडनैप किया गया था तब रविश और उसके साथी वहां मौजूद थे। परिजनों का कहना था कि जब बंटी को किडनैप किया जा रहा था तब उसने आसपास के दुकानदारों से उसे बचाने की गुहार लगाई थी लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की थी। बंटी न्यू करबिगहिया में रहता था जो कि जक्कनपुर थाना अंतर्गत आता है। उसका अपहरण कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित दूध मंडी के पास से हुआ था। बताया जाता है कि बदमाश उसे बाइपास के रास्ते मोकामा की ओर ले गए और बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन के आसपास उसकी हत्या कर दी गई थी। उसके बाद उनके शव को जमीन में गाड़ दिया गया था। पुलिस बंटी की तलाश करती ही रह गई लेकिन अंत में उसकी लाश मिली थी। यह भी जानकारी सामने आई थी कि अपराधियों ने पहले उसे तेजाब से जलाया था और फिर उसके साथ मारपीट भी की गई थी।


