राज्यसभा चुनाव में राजद को ओवैसी के समर्थन से मुकाबला रोचक, क्या होगा जीत का फॉर्मूला

Mar 16, 2026 08:01 am ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share

Rajyasabha Chunav 2026: एमआईएम के समर्थन की घोषणा के बाद राजद प्रत्याशी अमरेन्द्रधारी सिंह की जीत के आसार भी बढ़ गए हैं। यदि राजद, कांग्रेस, माले, सीपीएम, आईआईपी, बसपा और एआईएमआईएम के सभी विधायक महागठबंधन के पक्ष में रहे तो यह मुमकिन हो जाएगा।

Rajyasabha Chunav 2026: राजद प्रत्याशी को असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी के समर्थन से बिहार में सोमवार को राज्यसभा की रिक्त पांच सीटों पर होने वाला चुनाव रोचक हो गया है। बिहार विधानसभा में सदस्यों की संख्या के मुताबिक हर सीट पर जीत के लिए 41 विधायकों का मत चाहिए। संख्या बल के मुताबिक चार सीटों पर एनडीए की जीत तय है। पांचवीं सीट पर एनडीए को जीत के लिए 3 विधायकों की क्रास वोटिंग का इंतजार रहेगा। जबकि, राजद प्रत्याशी को 6 और वोट की दरकार है।

एमआईएम के समर्थन की घोषणा के बाद राजद प्रत्याशी अमरेन्द्रधारी सिंह की जीत के आसार भी बढ़ गए हैं। यदि राजद, कांग्रेस, माले, सीपीएम, आईआईपी, बसपा और एआईएमआईएम के सभी विधायक महागठबंधन के पक्ष में रहे तो यह मुमकिन हो जाएगा। यदि इनमें से कोई तीन विधायक भी छिटके तो पांचवीं सीट एनडीए की झोली में चली जाएगी। फिलहाल दोनों गठबंधन जीत का दावा कर रहे हैं।

रविवार को पांचवीं सीट पर जीत पक्की करने के लिए दोनों पक्षों की मोर्चेबंदी चरम पर रही। एनडीए में जहां दिनभर बैठकों का दौर चला, वहीं महागठबंधन ने सेंधमारी से बचाने के लिए विधायकों को एक होटल में जुटा लिया है। इस बीच, देर शाम एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने राजद उम्मीदवार को समर्थन देने का ऐलान किया। विधानसभा भवन में बने मतदान केंद्र में सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। पांच बजे से मतगगणना होगी।

जीत का फार्मूला

हर सीट पर जीत को 41 विधायकों की दरकार है। एनडीए के 202 विधायक हैं। ऐसे में उसके चार उम्मीदवारों की जीत तय है। पांचवीं के लिए तीन वोट की जरूरत है। वहीं, महागठबंधन के 35 विधायक हैं। छह और वोट चाहिए। एआईएमआईएम के 5 विधायकों का समर्थन राजद उम्मीदवार को मिल गया है। इससे संख्या बढ़कर 40 हुई। वैसे राजद ने बसपा के एक विधायक के समर्थन का भी दावा किया है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।