Araria News: मुख्य सड़क की जर्जरता से आजिज युवाओं ने निकाला आक्रोश मार्च, पुतला दहन
Araria News: अररिया, निज प्रतिनिधि शहर के चांदनी चौक से नवरत्न चौक- जैन धर्मशाला होते हुए

Araria News: अररिया, निज प्रतिनिधि शहर के चांदनी चौक से नवरत्न चौक- जैन धर्मशाला होते हुए फोरलेन तक जाने वाली सड़क जर्जर रहने से आक्रोशित सामाजिक संगठन सीमांचल युवा जागरण मोर्चा से जुड़े युवाओं ने शहर में आक्रोश मार्च निकाला। जर्जर सड़क के निर्माण कार्य में हो रहे विलंब को लेकर संगठन से जुड़े लोगों ने नाराजगी जताई। शहर के तेरापंथ भवन से बैनर पोस्टर लेकर निकले संगठन से जुड़े लोगों ने शहर के चांदनी चौक तक जिला परिषद होश में आओ जल्द से जल्द सड़क बनवाओ, जिला परिषद हाय-हाय, यह सड़क नहीं नर्क है जैसे नारे लगाते हुए चांदनी चौक पहुंचकर जिला परिषद का पुतला दहन किया।
इसके बाद मोर्चा अध्यक्ष गगन कुमार ने कहा कि सड़क की जर्जरता को लेकर करीब एक सप्ताह पूर्व जिला परिषद एवं जिला प्रशासन को लिखित आवेदन देकर सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की गई थी बावजूद अब तक इस दिशा में किसी तरह का पहल होता नहीं दिख रहा है। आक्रोश मार्च व पुतला दहन कार्यक्रम के बाद भी अगर जिला परिषद की और से सकारात्मक पहल नहीं की गई तो जल्द उग्र आंदोलन होगा। सामाजिक कार्यकर्ता विष्णु शाह ने कहा कि जिला मुख्यालय का मुख्य सड़क होने के बावजूद विगत कई वर्षों से यह सड़क जर्जर अवस्था में है जबकि प्रतिदिन कई जनप्रतिनिधि और अधिकारियों का इस मार्ग होकर आना-जाना होता है। जर्जर सड़क की वजह से आए दिन दर्जनों छोटी बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती है। इस मौके पर शाकिब रेजा, वदूद आलम, इंतियाज उर्फ लड्डू ,शंकर सोनी, एकलाख, अहमद, साजिद इकबाल, अविनाश, रंजन बनर्जी, नोसाद आलंम्, गोपी शाह, रिंकू कुमार, मोजाहिद अख्तर, इस्तियाक आलम सहित दर्जनों नगर वासी मौजूद थे।

