
बेहतर भविष्य की उम्मीद में युवाओं ने किया मतदान
संक्षेप: शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और सुरक्षा को बताया प्रमुख चुनावी मुद्दा अररिया। एक संवाददाता बिहार विधानसभा
शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और सुरक्षा को बताया प्रमुख चुनावी मुद्दा अररिया। एक संवाददाता बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में इस बार पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मंगलवार को मतदान केंद्रों पर सुबह से ही युवाओं की कतारें लगी रहीं। हाथ में वोटर स्लिप और चेहरे पर जोश लिए युवा मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते नजर आये। मतदान कर बाहर निकलते ही फर्स्ट टाइम वोटरों के चेहरे पर गर्व और खुशी झलक रही थी। अररिया के छात्र आर्यन कुमार ने कहा पहली बार वोट डालने का अनुभव गर्व से भर देने वाला है।

हमारी प्राथमिकता शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और रोजगार के अधिक अवसर हैं। हमें उम्मीद है कि नई सरकार युवाओं के हित में ठोस कदम उठाएगी। वहीं मसकुर नामक मतदाता ने कहा हम बदलाव के लिए मतदान कर रहे हैं। हम युवा चाहते हैं कि राज्य में बेहतर शिक्षा और सुरक्षित माहौल मिले। रोजगार की कमी के कारण युवा बाहर जाने को मजबूर हैं। अब बदलाव की जरूरत है। मनीष झा ने मतदान के बाद कहा यह मेरे जीवन का खास दिन है। हमने बदलाव और विकास के लिए वोट किया है। हमारा वोट राज्य के उज्जवल भविष्य के लिए है। इसी क्रम में धीरज कुमार इंटरमीडिएट के छात्र ने कहा युवाओं की भागीदारी लोकतंत्र को मजबूती देती है। अब हमारी बारी है भविष्य गढ़ने की। सरकार को शिक्षा और रोजगार को प्राथमिकता देनी चाहिए। जिससे युवाओं के सपनों को पंख मिलें। सरकार को महिला सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। नीरज कुमार आईटीआई छात्र ने बताया तकनीकी शिक्षा के बाद भी रोजगार मिलना मुश्किल है। हम ऐसी सरकार चाहते हैं जो युवाओं को हुनर के साथ रोजगार भी दिलाए। वहीं सोनू कुमार ने कहा हम चाहते हैं कि बिहार में उद्योग और स्टार्टअप के अवसर बढ़ें, ताकि हमें नौकरी के लिए बाहर न जाना पड़े। युवाओं के इस उत्साह ने यह साफ कर दिया कि नई पीढ़ी अब राजनीति को लेकर गंभीर और सजग है। वह न केवल मुद्दों को समझ रही है, बल्कि अपने मत के माध्यम से बदलाव की दिशा भी तय कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




