अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर दो दिवसीय चिकित्सा शिविर आयोजित
जोगबनी, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि माहेश्वरी सभा, जोगबनी एवं माहेश्वरी महिला संगठन, जोगबनी के संयुक्त तत्वाधान

जोगबनी, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि माहेश्वरी सभा, जोगबनी एवं माहेश्वरी महिला संगठन, जोगबनी के संयुक्त तत्वाधान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में दो दिवसीय योग एवं स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नगरवासियों, महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लेकर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ, हरिद्वार से आये स्वामी विजयदेव जी महाराज के मार्गदर्शन तथा पतंजलि योगपीठ से प्रशिक्षित योगाचार्य जितेंद्र पूर्वे आर्य एवं योग प्रशिक्षक वीरेन सिंह के कुशल नेतृत्व में विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं प्राकृतिक चिकित्सा की जानकारी दी गई। योगाचार्यों ने बताया कि नियमित योग अभ्यास न केवल शारीरिक रोगों को दूर करता है, बल्कि मानसिक तनाव, चिंता एवं अवसाद जैसी समस्याओं से भी मुक्ति दिलाता है।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग की महत्ता पर विस्तृत जानकारी दी गई। लोगों ने योगाभ्यास कर स्वयं को ऊर्जावान एवं सकारात्मक महसूस किया तथा भविष्य में नियमित योग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की सफलता में माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष भगवती तापड़िया, सचिव सुरेश तापड़िया, रमेश बिहानी, अनिल डागा, योगेश तापड़िया तथा माहेश्वरी महिला संगठन की अध्यक्षा दीपा काबरा, सचिव खुशबू तापड़िया एवं पूजा डागा का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर योगाचार्य जितेंद्र पूर्वे आर्य एवं वीरेन सिंह की सक्रिय उपस्थिति और उनके समर्पित प्रयासों की सभी उपस्थित लोगों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को स्वस्थ, जागरूक एवं संस्कारित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। योग शिविर का वातावरण उत्साह, अनुशासन एवं सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा तथा यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के संदेश योग अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं को जन-जन तक पहुंचाने में पूर्णत: सफल रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


