
कटिहार: मतदान के जज्बे से भरे मतदाता, दिल्ली-हरियाणा-पंजाब से कटिहार पहुंचे
कटिहार में बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के प्रति लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। प्रवासी मतदाता दिल्ली, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों से अपने गांव लौट रहे हैं। कटिहार रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में मतदाताओं की भीड़ देखी गई, जो केवल मतदान करने के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को मतदान का अधिकार और कर्तव्य निभाना चाहिए।
कटिहार, एक संवाददाता बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर लोगों में मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रवासी मतदाता भी लंबी दूरी तय कर कटिहार लौट रहे हैं। दिल्ली, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों में काम करने वाले मतदाता मतदान के दिन विशेष रूप से ट्रेन पकड़कर अपने गृह जिले पहुंचे। कटिहार स्टेशन पर बुधवार को मतदान के दिन बड़ी संख्या में बाहर से लौटे मतदाताओं की भीड़ देखी गई। इनमें आजमनगर के जावेद अली, खोडियार के लक्ष्मण, फतेह खान और यासमीन जैसे मतदाता शामिल थे। उन्होंने बताया कि वे लोग सिर्फ मतदान करने के लिए ही अपने गांव लौटे हैं।

उन्होंने कहा कि हालांकि यात्रा के दौरान उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, ट्रेनें देर से चलीं और भीड़ भी बहुत थी, लेकिन अपने मताधिकार का प्रयोग करने की खुशी उन सब कठिनाइयों पर भारी पड़ी। कटिहार स्टेशन पर उतरते ही मतदाताओं के चेहरे पर मतदान को लेकर उत्साह साफ झलक रहा था। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को लोकतंत्र के इस पर्व में भाग लेना चाहिए और अपने घर आकर वोट देना चाहिए। जावेद अली ने कहा कि “देश तभी आगे बढ़ेगा जब हर नागरिक मतदान के दिन अपनी जिम्मेदारी निभाएगा। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत से किशनगंज के मोहम्मद आजाद और रौनक भी मतदान करने के लिए अपने घर किशनगंज जा रहे थे उन्होंने कहा कि मतदान जरूरी है ड्यूटी भी किया लेकिन मतदान करने के लिए वह अपने घर जा रहे हैं। बहरहाल रेलवे स्टेशन पर भी वोट करने के लिए घर जाने वाले मतदाताओं की संख्या देखी गई। कटिहार रेलवे स्टेशन पर लौटे मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता और लोकतांत्रिक भावना का जोश देखने लायक था। लोगों ने कहा कि चाहे दूरी कितनी भी हो, मतदान से पीछे नहीं हटना चाहिए। यही सच्चे नागरिक का कर्तव्य है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




