
जिलेभर में आज धूमधाम से मनेगा विश्वकर्मा पूजा, तैयारी पूरी
अररिया जिले में बुधवार को विश्वकर्मा पूजा धूमधाम से मनाई जाएगी। शहर और गांवों में पूजा की तैयारी के तहत लोग अपने वाहनों और मशीनों की सफाई कर रहे हैं। बाजारों में पूजा और सजावट के सामग्रियों की खरीदारी...
इंजीनियरिंग वर्कशॉप समेत शहर के अलग-अलग जगहों पर दिनभर पूजा की तैयारी में जुटे रहे लोग बाजारों में रही चहल-पहल, पूजा पंडालों में देर शाम तक प्रतिमा स्थापित करने का चलता रहा दौर अररिया, निज प्रतिनिधि जिलेभर में बुधवार को यानि आज विश्वकर्मा पूजा धूमधाम से मनाया जाएगा। वास्तु कला व शिल्प के देवता भगवान विश्वकर्मा की आराधना के लिए जिला पूरी तरह तैयार हो चुकी है। शहर के अलग-अलग औद्योगिक संस्थानों में भगवान विश्वकर्मा की पूजा अर्चना होगी। मंगलवार को घर-घर में इसकी सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। लोगों ने अपने घर में रखे मशीन, वाहन व इलेक्ट्रॉनिक समान की साफ-सफाई की।

शहर से लेकर गांव तक जगह-जगह बाबा विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना की जाएगी। विश्वकर्मा पूजन को लेकर जिले के अलग-अलग विश्वकर्मा मंदिर समेत अन्य जगहों पर आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मंदिरों को रंग-बिरंगे दुधिया बल्व से सजाया गया है। भव्य पूजा पंडाल बनाये गये हैं। मंगलवार को लोग पूरी उत्साह के साथ विश्वकर्मा पूजा की तैयारी में जुटे रहे। मंगलवार को देर रात तक पूजन स्थलों को सजाने संवारने का काम चलता रहा। विभिन्न इंजीनियरिंग वर्कशॉप, वाहनों के शो रूम, गैरेज आदि जगहों पर लोग अपने-अपने वाहनों की साफ-सफाई कर सजावट करते दिखे। औद्योगिक क्षेत्रों, फैक्ट्रियों, लोहे की दुकान, वाहन शोरूम, सर्विस सेंटर आदि में पूजा अर्चना होती है, इसको लेकर मशीनों, औजारों की सफाई व रंग रोगन किया गया है। बताया कि पूरी आस्था और विश्वास के साथ बाबा विश्वकर्मा की पूजा होगी। देर रात के बाद पूजन स्थलों के आसपास का माहौल भक्तिमय बन गया। देर शाम तक मूर्तिकार भी प्रतिमाओं को फाइनल टच देने में व्यस्त दिखे। इधर विश्वकर्मा पूजन को लेकर देर शाम तक पूजा पंडालों व प्रतिष्ठानों में प्रतिमा स्थापित करने का सिलसिला चलता रहा। पूजन व सजावट के सामानों की जमकर हुई खरीदारी: विश्वकर्मा पूजनोत्सव को लेकर मंगलवार को शहर समेत ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में विशेष चहल-पहल रही। लोगों ने अपने-अपने घरों मे पूजा के लिए बाबा विश्वकर्मा की तस्वीर के साथ वस्त्र व सजावट के सामानों की जमकर खरीददारी की। पूजन सामग्रियों की जमकर खरीददारी हुई। लोहा पार्ट्स की दुकानें, आरा मशीन, आटा चक्की, वाहन शोरूम सहित अन्य छोटे बड़े सभी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाने के लिये लोग सजावट सामग्री खरीदते दिखे। विश्वकर्मा पूजा को लेकर शहर का बाजार पूजन व सजावट सामग्रियों से पटा रहा। मंडप सजाने के लिए एक से एक सुंदर सामग्री मौजूद थे, लोग अपने-अपने बजट के हिसाब से खरीददारी कर रहे थे। वाहन खरीद पर दिये जा रहे विशेष ऑफर: विश्वकर्मा पूजा के मौके पर लोग वाहन खरीदना बेहद शुभ मानते हैं। विश्वकर्मा पूजन पर छोटे-बड़े सभी प्रकार के वाहनों की जमकर खरीददारी होती है। इसको लेकर वाहनों के शोरूम को भी आकर्षक ढ़ंग से सजाया गया है। कंपनियों ने विश्वकर्मा पूजा पर अलग-अलग वाहनों की खरीद पर अलग-अलग तरह के छूट के साथ उपहार भी दे रहे हैं। ट्रैक्टर पर लक्की ड्रॉ के माध्यम से तो बाइक पर भी छूट दी जा रही है। वहीं कई कंपनियां निश्चित उपहार भी देने की बात कर रही है। सृजन के देवता हैं भगवान विश्वकर्मा: पंडित अशोक झा बताते हैं कि भगवान विश्वकर्मा निर्माण एवं सृजन के देवता कहे जाते हैं। माना जाता है कि उन्होंने ही इंद्रपुरी, द्वारिका, हस्तिनापुर, स्वर्गलोक, लंका आदि का निर्माण किया था। इस कारण औद्योगिक कंपनियों व दुकानों में विशेष रूप से सभी औजार व मशीनों की पूजा की जाती है। बताया कि कथा के मुताबिक सृष्टि रचना के दौरान भगवान विष्णु के नाभि कमल से ब्रहमा जी प्रगट हुए। ब्रम्हा के पुत्र धर्म का विवाह वस्तु से हुआ। धर्म के सात पुत्र हुए। सातवें पुत्र का नाम वास्तु रखा गया जो शिल्प शास्त्र की कला में निपुण थे। वे वास्तु कला के अद्वितीय गुरू बने। मान्यता है कि विश्वकर्मा पूजा करने वाले व्यक्ति के घर धन-धान्य व सुख, समृद्धि की कभी कमी नहीं रहती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




