नरपतगंज में चौकीदार के रिश्तेदार की बाइक पर कार की लगी ठोकर

Mar 01, 2026 12:37 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अररिया
share

नरपतगंज में एक युवक करण और उसके माता-पिता पर चौकीदार नागो पासवान और उसके सहयोगियों ने हमला कर दिया। घटना तब हुई जब करण की कार को बाइक ने हल्की ठोकर मारी। घटना के बाद, स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नरपतगंज में चौकीदार के रिश्तेदार की बाइक पर कार की लगी ठोकर

नरपतगंज, एक संवाददाता नरपतगंज थाना क्षेत्र के पिठौरा में शनिवार दोपहर चौकीदार एवं उसके सहयोगियों पर कार चला रहे युवक व उसमें बैठे माता-पिता के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। एक बाइक में कार की ठोकर लगने के बाद चौकीदार आक्रोशित हो गये थे। बताया गया कि बाइक सवार चौकीदार का रिश्तेदार था। इधर घटना से आक्रोशित पीड़ित परिजनों व ग्रामीणों ने नरपतगंज-पिठौरा मार्ग को बजरंगबली चौक के पास जाम कर दिया। इस दौरान आक्रोशितों सड़क को बांस-बल्ले से घेरकर प्रदर्शन भी किया। ग्रामीणों का आरोप था कि चौकीदार एवं उसके सहयोगियों ने बेवजह कार चला रहे युवक करण एवं उनके माता-पिता के साथ मारपीट की की है।

जबकि कार से एक बाइक को महज हल्की ठोकर लगी थी। करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने से आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। सड़क जाम की सूचना पर नरपतगंज पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आक्रोशितों को समझाने-बुझाने का भरसक प्रयास किया। लेकिन आक्रोशित ग्रामीण नहीं माने। उनका कहना था कि जब तक आरोपी चौकीदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती तब तक जाम नहीं हटेगा। मौके पर पहुंचे नरपतगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार, स्थानीय जिप सदस्य प्रतिनिधि हेमेंद्र नारायण सिंह, पूर्व मुखिया संतोष उर्फ बौआ सिंह, मो वसी आदि के समझाने-बुझाने व कार्रवाई के आश्वासन पर बड़ी मशक्कत के बाद ये लोग शांत हुए। करीब दो घंटे बाद जाम हटा। जाम हटने के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। दोपहर एक बजे से तीन बजे तक जाम रहा। क्या है मामला- घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार नरपतगंज थाना क्षेत्र के पिठौरा पंचायत स्थित वार्ड संख्या 06 निवासी 18 वर्षीय करण कुमार अपनी बीमार मां को इलाज के लिए स्विफ्ट कार से पूर्णिया ले जा रहा था। पिता जी व एक अन्य लोग भी कार पर बैठे थे। गोखलापुर के समीप एक जगह उनकी कार के पीछे से एक बाइक सवार को हल्की सी ठोकर लग गई। इसके बाद करण व उनके परिजनों ने स्थानीय होने का बात कह कर पूर्णिया के लिए निकल गए। घायल कार सवार करण व उनके परिजनों का कहना था कि वे लोग कुछ आगे बढ़े ही थे कि स्थानीय चौकीदार नागो पासवान अपने तीन सहयोगियों के साथ पीछा करते हुए आकर कार के शीशे पर डंडा चला कर तोड़ दिया। इसके बाद चौकीदार ने कार चला रहे करण को बाहर खींचकर लात घुसे डंडे से मारने लगा। आरोप है कि जब उसके पिता एवं बीमार मां इसका विरोध किया तो उसके साथ भी धक्का मुक्की कर पिटाई की गयी। परिजनों का कहना था कि करण को बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया। उसका हाथ पैर भी बुरी तरह जख्मी है। पुलिस मौके पर पहुंची तब तक परिजनों द्वारा जख्मी को इलाज के लिए नहीं ले जाया गया था। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि परिजनों द्वारा चौकीदार समेत अन्य पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच कर विधि संगत कार्रवाई करने की बात कही। कहा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।