
बांका: पथरा मतदान बूथ पर मतदाताओं ने किया मतदान का बहिष्कार
संक्षेप: बांका विधानसभा क्षेत्र के पथरा गांव में ग्रामीणों ने पंचायत सरकार भवन के निर्माण को लेकर मतदान का बहिष्कार किया। उनका आरोप है कि भवन का निर्माण गलत स्थान पर किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन को कई बार आवेदन दिया, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं हुई। मतदान बहिष्कार तब तक जारी रहेगा जब तक प्रशासन स्पष्ट निर्णय नहीं लेता।
बांका। विधानसभा चुनाव में मंगलवार को बांका विधानसभा क्षेत्र के पथरा गांव स्थित मतदान केंद्र पर ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर प्रशासन के प्रति नाराज़गी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सरकार भवन को पथरा पंचायत मुख्यालय में बनाने की मांग लंबे समय से लंबित है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में प्रखंड व जिला प्रशासन को कई बार आवेदन दिया गया, लेकिन सरकारी स्तर पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत मुख्यालय पथरा में होते हुए भी पंचायत सरकार भवन का निर्माण ढोलिया गांव में कराया जा रहा है।

इसी को लेकर पूरे गांव में नाराज़गी बनी हुई है। दर्जनों ग्रामीणों ने कहा कि जब तक प्रशासन इस विषय पर स्पष्ट निर्णय नहीं लेता और निर्माण स्थल संशोधित नहीं करता, तब तक मतदान बहिष्कार जारी रहेगा। मतदान बहिष्कार की सूचना मिलते ही एसडीएम राजकुमार, सीओ विकास कुमार, बीडीओ गोपाल कुमार गुप्ता और थानाध्यक्ष महेश कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बात कर स्थिति को समझने का प्रयास किया और समाधान को लेकर आश्वासन दिया। हालांकि खबर लिखे जाने तक बहिष्कार वापस लेने को लेकर कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों में भेदभाव स्वीकार नहीं होगा और पंचायत मुख्यालय का भवन उसी जगह बनेगा जहां पंचायत का वास्तविक केंद्र है। प्रशासनिक स्तर पर आगे की पहल के आधार पर स्थिति स्पष्ट होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




