अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से एक ही गांव के दो किशोर की मौत
कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के हरिरा पंचायत स्थित गोसनगर गांव के पास अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से दो किशोरों की मौत हो गई। 14 वर्षीय जतन और 12 वर्षीय दिलखुश अपने नाना के घर जा रहे थे, तभी यह घटना हुई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जतन की मौत तुरंत हो गई और दिलखुश की भी इलाज के दौरान हो गई।

कुर्साकांटा, निज प्रतिनिधि कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के हरिरा पंचायत स्थित गोसनगर गांव के पास गुरूवार सुबह अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से दो किशोरों की मौत हो गई। मृतकों में 14 वर्षीय जतन कुमार यादव पहुंसी पंचायत के बलचंदा वार्ड संख्या 7 निवासी परमानन्द यादव का बेटा था जबकि 12 वर्षीय दिलखुश इसी गांव के मो सोहराब का लाडला था। घटना के बाद से ही गांव में कोहराम मचा है। घटना गुरूवार की सुबह करीब 8.30 बजे उस वक्त हुई जब जतन कुमार पड़ोस के अपने साथी दिलखुश के साथ नाना के घर गोसनगर जा रहा था। रास्ते में एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दोनों बुरी तरह जख्मी हो गये।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को बेहोशी की हालत में पीएचसी कुर्साकांटा लाया। यहां पर ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर डॉ ओपी पंडित ने जतन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दिलखुश को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया गया कि बेहतर इलाज के लिए नेपाल ले जाने के क्रम में सुंदरी के निकट ही दिलखुश की भी मौत हो गयी। एक ही गांव व एक ही वार्ड में दो बालकों की मौत से कोहराम मच हुआ है। दोनो के परिजन बदहवास दिखे। इधर घटना की सूचना मिलते ही थानेदार रोहित कुमार, दारोगा रामाशंकर गुप्ता व सब इन्सपेक्टर अभिषेक कुमार ज्योति सहित पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंच कर घटना की पूरी जानकारी ली। इसके बाद दोनो शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्डम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेजा दिया। मृतक जतन के पिता परमानन्द यादव दो माह पूर्व ही कमाने के लिए दिल्ली गया है। जबकि दिलखुश के पिताजी तीन चार दिन पूर्व कमाने के लिए हिमाचल प्रदेश गया हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही दोनो के पिता घर के लिए रवाना हो गए हैं। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि गुरुवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे जतन अपने दोस्त दिलखुश के साथ नाना के घर गोसनगर पैदल जा रहा था। रास्ते में एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने जोरदार ठोकर मारकर भाग गया। इस घटना में दोनों बुरी तरह जख्मी हो गये। स्थानीय लोगों ने दोनों को बेहोशी की स्थिति में पीएचसी कुर्साकांटा लाया। इधर घटना के बाद जतन की मां ममता देवी व दिलखुश की मां हुमेरा खातून की चित्कार से माहौल गमगीन था। गांव में मातम पसरा है। इधर कुर्साकांटा थानेदार रोहित कुमार ने बताया कि दो बच्चे की मौत हो गई है। दोनों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्डम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेजा गया है। मृतक के परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




