Araria News: परमान नदी की धारा में किशोरी व युवती बहीं, एक की मौत
Araria News: जोकीहाट के महाजाली गांव के पास परमान नदी में शुक्रवार को एक किशोरी और एक युवती बह गईं। किशोरी का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि युवती की तलाश जारी है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है, और प्रशासन ने राहत कार्य आरंभ किया है।

Araria News: जोकीहाट (अररिया), एक संवाददाता। जोकीहाट प्रखंड के महलगांव थाना क्षेत्र के महाजाली गांव के पास शुक्रवार को परमान नदी के तेज बहाव में एक किशोरी और एक युवती बह गईं। स्थानीय लोगों ने किशोरी का शव नदी से बरामद कर लिया है, जबकि युवती की तलाश जारी है। परिजनों के अनुसार महाजाली गांव के समीप बहने वाली परमान नदी पार करने के दौरान दोनों तेज बहाव की चपेट में आ गईं और डूब गईं। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर खोजबीन शुरू की गई। खोजबीन के दौरान किशोरी का शव शनिवार सुबह नगर थाना क्षेत्र के दियारी घाट के पास से बरामद किया गया।
मृत किशोरी की पहचान स्थानीय याकूब की बेटी नुजहत (15 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे का शिकार हुई दूसरी युवती ततलुब की बेटी खुशनुमा (18 वर्ष) का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। हादसे के बाद से ही दोनों के परिजन और ग्रामीण नदी किनारे इकट्ठा हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लापता युवती की बरामदगी के लिए स्थानीय गोताखोरों के साथ-साथ प्रशासनिक स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और खोजबीन तेज कर दी गई है। इधर उप प्रमुख प्रतिनिधि मो मोइज उद्दीन ने घटना पर दुख प्रकट करते हुए मुआवजा की मांग की है। नगर थानेदार मनीष कुमार रजक ने बताया कि बिहार घाट पर एक किशोरी का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही परिजन शव लेकर चले गये थे।


