Araria News: नहाने गईं तीन किशोरियां परमान नदी में डूबीं, एक की मौत

हिन्दुस्तान, अररिया
Follow us on Google News
share

Araria News: अररिया में एक दुखद हादसे में तीन किशोरियां परमान नदी में डूब गईं। एक किशोरी की मौत हो गई जबकि दूसरी किनारे लौट आई। तीसरी किशोरी लापता है, जिसकी तलाश जारी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Araria News: नहाने गईं तीन किशोरियां परमान नदी में डूबीं, एक की मौत

Araria News: ​अररिया,निज संवाददाता। शहर से सटे पूरब स्थित हरियाली मार्केट छठ घाट पर गुरुवार की दोपहर परमान नदी में नहाने गईं तीन किशोरियां गहरे पानी में समा गईं। इस दर्दनाक हादसे में एक किशोरी की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक किसी तरह सुरक्षित किनारे लौट आई। वहीं, तीसरी किशोरी नदी के तेज बहाव में लापता हो गई, जिसकी तलाश में एसडीआरएफ की टीम जुटी हुई है। मृतक युवती की पहचान काली बाजार वार्ड संख्या 23 निवासी मोहम्मद इस्लाम की 15 वर्षीय पुत्री परवीन के रूप में हुई है। वहीं, उसी वार्ड के निवासी मोहम्मद जलाल की 12 वर्षीय पुत्री बुचीया अब भी लापता है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है。

पैर फिसलते ही गहरे पानी में समा गईं तीनों सहेलियां:

​गुरुवार दोपहर वार्ड संख्या 23 की रहने वाली तीनों किशोरियां हरियाली मार्केट छठ घाट के समीप परमान नदी में नहाने के लिए पहुंची थीं। नहाने के दौरान अचानक पैर फिसलने और गहराई का अंदाजा न होने के कारण तीनों गहरे पानी के भंवर में फंसकर डूबने लगीं। चीख-पुकार के बीच एक किशोरी ने जैसे-तैसे हिम्मत दिखाकर खुद को सुरक्षित किनारे पहुंचा लिया। उसने बाहर निकलकर शोर मचाया,इसके बाद आसपास के लोग और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम चुकी थीं परवीन की सांसें:

​स्थानीय तैराकों ने आनन-फानन में नदी में छलांग लगाकर काफी मशक्कत के बाद एक किशोरी परवीन को गहरे पानी से बाहर निकाला। उसे फौरन अचेत अवस्था में सदर अस्पताल अररिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की चीत्कार गूंज उठी।

एसडीआरएफ की कार्यशैली पर भड़के ग्रामीण, बोट में खराबी का आरोप:

​हादसे के बाद बचाव कार्य में हुई देरी को लेकर पीड़ित परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया। लापता किशोरी के चाचा मोहम्मद सलाम और मृतका के पिता मोहम्मद इस्लाम ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद एसडीआरएफ की टीम समय पर नहीं पहुंची। जब टीम मौके पर आई भी, तो उनकी मोटर बोट बार-बार बीच नदी में जाकर बंद हो जा रही थी। आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय पर सही उपकरणों और सक्रियता के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाता, तो शायद लापता बच्ची का सुराग जल्द लग सकता था।

मौके पर कैम्प कर रही पुलिस, सर्च ऑपरेशन जारी:

​घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस अधिकारियों ने नाराज़ परिजनों को समझा- बुझाकर शांत कराया। नगर थानेदार मनीष कुमार रजक ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं लापता 12 वर्षीय बुचीया की बरामदगी के लिए एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सघन खोज अभियान चलाया जा रहा है। नदी के बहाव क्षेत्र में दूर तक तलाशी ली जा रही है।

अधिकतर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦हादसे में कितनी किशोरियां डूब गईं?−
तीन किशोरियां डूब गईं।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsBihar NewsअररियाAraria News: नहाने गईं तीन किशोरियां परमान नदी में डूबीं, एक की मौत