मछुआरों की मदद से पोखर से बरामद हुआ छात्र का शव
फारबिसगंज में अंबेडकर आवासीय विद्यालय के छात्र लालचंद हांसदा का शव गुरुवार सुबह पोखर से बरामद किया गया। बुधवार को डूबने की घटना के बाद एसडीआरएफ और मछुआरों ने शव की तलाश की। मृतक के परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर सूचना न देने का आरोप लगाया है। मामले की जांच जारी है।

फारबिसगंज, निज संवाददाता। रामपुर स्थित अंबेडकर आवासीय विद्यालय के छात्र लालचंद हांसदा का शव आखिरकार गुरुवार सुबह मछुआरों की मदद से पोखर से बरामद किया गया। छात्र के डूबने की सूचना के बाद से ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त हो गया। बताया गया कि बुधवार से ही एसडीआरएफ की टीम शव की तलाश में जुटी थी, लेकिन रातभर की मशक्कत के बावजूद सफलता नहीं मिली। गुरुवार सुबह मत्स्यजीवी सहयोग समिति के प्रखंड अध्यक्ष देवनारायण बहरदार की देखरेख में करीब डेढ़ दर्जन मछुआरे पोखर में उतरे। मछुआरों में शंकर बहरदार, बुद्ध नारायण बहरदार, संजय बहरदार, मनोज बहरदार और विजय बहरदार समेत अन्य ने कड़ी मेहनत के बाद शव को बाहर निकाला।
बताया गया कि शव पोखर के अंदर पानी की घास और पंक में फंसा हुआ था, जिस कारण एसडीआरएफ को कठिनाई हुई। सूचना मिलने पर मृतक के माता-पिता और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। बेटे का शव देखकर परिजन फूट-फूटकर रो पड़े। मृतक के पिता गणेश हांसदा ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन ने अब तक उन्हें बेटे के डूबने या मौत की कोई सूचना नहीं दी। उन्होंने बताया कि लालचंद मूल रूप से पूर्णिया जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के निवासी थे और दो महीने पहले ही अंबेडकर आवासीय विद्यालय में नामांकन हुआ था। अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी बसंत कुमार सिंह की देखरेख में शव को अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां से पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। थाना अध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय के बाहर खेलते समय तालाब में डूबने से छात्र की मौत हुई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। वही अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी बसंत कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय से बाहर पोखर में खेलने के दौरान पोखर में चले जाने से छात्र की पानी में डूबने से मौत हुई है ।उन्होंने कहा कि विद्यालय के अंदर इनडोर स्टेडियम है मगर बड़ा ग्राउंड नहीं है ।तमाम मामले को देखा जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




