हाईटेंशन तार की चपेट में आए चालक सिपाही की दिल्ली में मौत, महकमे में शोक की लहर
अररिया के हड़िया स्थित पुलिस लाइन में 30 जुलाई को हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आकर झुलसे सिपाही चंदन कुमार का इलाज के दौरान दिल्ली के अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।

अररिया,निज संवाददाता अररिया के हड़िया स्थित पुलिस लाइन में बीते 30 जुलाई को हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलसे चालक सिपाही चंदन कुमार की इलाज के दौरान दिल्ली के एक अस्पताल में मौत हो गई। रविवार को जिंदगी और मौत से जंग हार चुके जवान के निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। यहां बता दे कि बीते 30 जुलाई को हल्की बूंदाबांदी के बीच चालक सिपाही चंदन कुमार पुलिस लाइन के समीप स्थित एक पेड़ से आंवला तोड़ रहे थे। इसी दौरान पेड़ की डाली पास से गुजर रहे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गई। करंट का जोरदार झटका लगते ही चंदन झुलसकर नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए。
अररिया से दिल्ली तक चला इलाज का दौर:
हादसे के तुरंत बाद सहकर्मियों ने उन्हें आनन-फानन में अररिया सदर अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।इसके बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की देखरेख में उन्हें पूर्णिया के मैक्स अस्पताल ले जाया गया। स्थिति में सुधार न होने पर उन्हें पटना रेफर किया गया।लगातार बिगड़ती हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली के उच्च स्तरीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार को इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।मृतक चालक सिपाही चंदन कुमार मूल रूप से बिहार के जहानाबाद जिले के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलने के बाद दिल्ली पहुंचे परिजन उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए अपने पैतृक गांव ले गए हैं।नगर थानेदार मनीष कुमार रजक ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि चालक सिपाही चंदन कुमार की मौत की खबर से पूरा पुलिस महकमा स्तब्ध और मर्माहत है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।


