Hindi NewsBihar NewsAraria NewsTeachers Defy Orders Amid Cold Wave in Araria Schools
एक घंटे में ही सरकारी स्कूलों से चंपत हो रहे हैं गुरुजी

एक घंटे में ही सरकारी स्कूलों से चंपत हो रहे हैं गुरुजी

संक्षेप:

अररिया में शीतलहर के बावजूद सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की लापरवाही सामने आई है। शिक्षक समय पर स्कूल नहीं पहुंच रहे हैं और जल्द ही लौट जा रहे हैं। डीईओ ने चेतावनी दी है कि शिक्षकों को निर्धारित समय पर स्कूल में रहना होगा। कई शिक्षक नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं और अनुशासनहीनता दिखा रहे हैं।

Jan 12, 2026 11:06 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अररिया
share Share
Follow Us on

अररिया, वरीय संवाददाता शीतलहर को लेकर जिला प्रशासन के आदेश पर सरकारी स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई क्या बंद हुई, शिक्षकों के पर निकल आए। स्थिति ये कि सरकारी निर्देश के बावजूद शिक्षक न केवल निर्धारित समय से काफी देर से स्कूल पहुंच रहे हैं बल्कि तुरंत वापस भी लौट रहे हैं। चूंकि अब सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की ऑन लाइन हाजिरी बन रही है। इसके बावजूद शिक्षकों का इस तरह का दुस्साहस समझ से परे है। मिली जानकारी के अनुसार 9.30 बजे सुबह से शाम चार बजे स्कूलों में शिक्षकों को रहने का समय निर्धारित है। चाहे बच्चे स्कूल आए या नहीं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

यही नहीं ई शिक्षा पोर्टल पर स्कूल आने पर ‘इन’ और जाने से पहले ‘आउट’ करने का भी विभागीय निर्देश निर्देश है। लेकिन ई शिक्षा एप पोर्टल की जांच में यह खुलासा हुआ कि आठ जनवरी को जिले के 76 गुरूजी समय के बाद स्कूल पहुंचे और समय से पहले निकल गये। इन शिक्षकों में रानीगंज प्रखंड के 15, अररिया के आठ, जोकीहाट के 14, सिकटी 04, पलासी 11, कुर्साकांटा 05, फारबिसगंज 10, नरपतगंज 04 और भरगामा के पांच गुरूजी शामिल हैं। कुछ शिक्षक तो एक घंटे में ही स्कूल से रफूचक्कर हो गए। डीईओ संजय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इन शिक्षकों को कड़ी चेतावनी दी है। डीईओ ने बताया कि सभी शिक्षकों को निर्धारित समय के भीतर स्कूल पहुंचनी है और निर्धारित समय बाद ही स्कूल से निकलना है लेकिन कुछ शिक्षक विभागीय निर्देश का अवहेलना कर रहे हैं। पहले तो चेतावनी दी गयी है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। साढ़े छह घंटे की बजाय घंटे दो घंटे में ही कई शिक्षक गायब हो गए थे। यह कर्तव्य के प्रति लापरवाही, मनमानी और अनुशासनहीनता का मामला है। एक बानगी: भरगामा प्रखंड के एक स्कूल के एक शिक्षक 10.18 बजे ‘इन’ किया और 11.16 में ही ‘आउट’ करके निकल गये। अररिया प्रखंड के एक शिक्षक ने 10.27 में ‘इन’ किया और 12.56 में ही ‘आउट’ होकर चले गये। रानीगंज के एक शिक्षक ने 10.08 बजे ‘इन’ किया और 12.59 में ही ‘आउट’ हो गये। जोकीहाट प्रखंड के एक जनाब ने तो एक मिनट में ही सब कुछ कर दिया। 10.15 मिनट में ‘इन’ किया और 10.16 बजे ‘आउट’ होकर निकल गये। अन्य शिक्षकों की भी कमोवेश यहीं स्थिति थी।