लगातार धूप खिलने के बाद भीषण ठंड से मिली राहत, सुबह-शाम कनकनी बरकरार
भरगामा । निज संवाददाता पिछले तीन दिनों से लगातार धूप खिलने से लोगों को

भरगामा । निज संवाददाता पिछले तीन दिनों से लगातार धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिली है। हालांकि धूप खिलने के बावजूद कनकनी बरकरार है । इधर शनिवार को भी धूप खिलने से लोग अपने घरों से निकले, जिससे प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में खासी रौनक रही। वहीं धूप में बच्चे और बुजुर्गो ने आनंद लिया। कहते हैं कि पिछले एक पखवाड़े से लगातार पड़ रही हाड़ कंपा देने वाली ठंड व शीतलहर से पिछले तीन दिनों से धूप निकल रही है। शनिवार को भी धूप निकलने से राहत मिली, जिससे कोहरा भी सुबह सात बजे के करीब छट गया।
हालांकि गुरुवार को रात मे छाये रहे कोहरे से यातायात मे परेशानी हुई लेकिन शुक्रवार को धूप खिलने से कोहरा जल्द ही छट गया और तापमान में भी वृद्धि देखने को मिली। जिसके चलते भरगामा एवं आसपाल के क्षेत्रों में शुक्रवार सात बजे के बाद से चार बजे तक मौसम राहत भरा रहा। सुबह साढे़ सात बजे के बाद सूर्यदेव ने दर्शन दिया। आसमान में धूप खिलने से लोगों के चेहरे भी खिल गए। इस प्रकार आज खिली-खिली धूप निकलने से किसान, मजदूर, बच्चे और बुजुर्गो की खुशी दोगुनी हो गई, क्योकि पिछले एक पखवाड़े से धूप के लिए तरस रहे लोगों ने धूप में बैठकर ठंड से राहत महसूस की। साथ ही हाड़ कंपा देने वाली ठंड व पछुवा हवा के चलते किसान अपने कृषि कार्य नहीं कर पा रहे थे तथा मजदूर अपने मजदूरी करने नहीं जा पा रहे थे। वे धूप निकलने के बाद अपने-अपने कार्यो में जुट गये। वहीं ठंड के कारण बीमारी से जकड़े बुजुर्गो और बच्चों के लिए यह धूप वरदान साबित हुई जबकि बाजारों की रौनक भी अलग ही देखने को मिली। बाजारों व हाटों में अपेक्षाकृत अधिक भीड़ रही लेकिन चार बजे से मौसम ठंडा होने लगा। बता दे कि पिछले एक पखवाड़े से ठंड अपने पूरे जोरों पर थी लेकिन तीन दिनों से सूर्य देवता के दर्शन हो गए। पूरे दिन धूप के कारण लोगों को काफी राहत महसूस हुई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




