
नुक्कड़ नाटक के जरिए पर्यावरण के प्रति बच्चों को किया गया जागरूक
अररिया आरएस स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों ने चांदनी चौक पर नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया। यह नाटक पर्यावरण संरक्षण पर आधारित था और ईको क्लब फॉर मिशन लाइफ योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य ने पर्यावरण संकट की गंभीरता को बताया और समाज से योगदान की अपील की।
अररिया, संवाददाता अररिया आरएस स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों ने शनिवार को शहर के चांदनी चौक पर नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया। नाटक की प्रस्तुति ईको क्लब फॉर मिशन लाइफ योजना अंतर्गत की गई। दी गई जानकारी के मुताबिक आयोजन स्थल पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य मनोज कुमार सिंह और कार्यक्रम के संयोजक विद्यालय के कला शिक्षक राजेश कुमार सहित कक्षा छह, सात और आठवीं के छात्र बलराम मंडल,घनन्जय कुमार, भवेश कुमार, आरूष कुमार, अरसलान रेजा, पियूष कुमार, अनुराग आनंद, अमरजीत कुमार, मो गुल्फान, मो ओजैर शाहिद,नेहाल आदि ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नुक्कड़ नाटक के जरिए जागरूकता पैदा करने के दृष्टिकोण से बेहतरीन प्रदर्शन किया।
स्थानीय दर्शक और नागरिकों ने इसकी सराहना की और इस पहल की प्रसंशा भी की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य मनोज कुमार सिंह ने राहगीरों और मौके पर उपस्थित नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संकट एक वैश्विक संकट है। आम जनजीवन इससे प्रभावित हो रहा है। लोग कब तक अंजान बने रह सकते हैं । पेय जल का संरक्षण करना, प्लास्टिक के प्रयोग को रोकना, अपने आस पास पेड़ पौधे लगाना सबों का दायित्व है। समाज को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपना योगदान देना चाहिए। ताकि भावी पीढ़ी का जीवन सरल और सरस बन सके। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक और कला शिक्षक द्वारा संचालित इस पहल को सराहनीय कदम बताया। कार्यक्रम के संयोजक राजेश कुमार ने बताया कि ईको क्लब फॉर मिशन लाइफ एक ऐसी पहल है जिस का उद्देश्य वर्तमान और भावी पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य करने की प्रेरणा देना है। इसके लिए सामुदायिक प्रयास जरूरी है । कार्यक्रम के सफल संचालन में पुलिस प्रशासन का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




