
फुटबॉल खेलते-खेलते तालाब में डूबा छात्र, जिले में मचा हड़कंप
फारबिसगंज के अंबेडकर आवासीय विद्यालय में 11वीं कक्षा का छात्र लालचंद हसदा फुटबॉल खेलते समय तालाब में गिर गया। घटना के बाद एसडीआरएफ की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। रात के अंधेरे और तालाब की गहराई के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में कठिनाई आ रही है। प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है।
फारबिसगंज, निज संवाददाता। रामपुर उत्तर स्थित अंबेडकर आवासीय विद्यालय में बुधवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब कक्षा 11वीं का एक छात्र फुटबॉल खेलने के दौरान विद्यालय से सटे गहरे तालाब में घुस गया और पानी में लापता हो गया। यह घटना करीब शाम 5 बजे की बताई जा रही है। छात्र की पहचान लालचंद हसदा के रूप में हुई है, जो पूर्णिया जिला के गोलाबारी का निवासी है और विद्यालय के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छात्र अपने साथियों के साथ फुटबॉल खेल रहा था, इसी दौरान गेंद तालाब में जा गिरी। उत्साह में आकर लालचंद तालाब में कूद गया।
उसने फुटबॉल तो पकड़ ली, लेकिन इसके बाद वह गहरे पानी में समा गया और फिर बाहर नहीं निकल सका है। घटना की सूचना मिलते ही पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। फारबिसगंज एसडीओ रंजीत कुमार रंजन, एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा,थाना अध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अररिया से जिला कल्याण पदाधिकारी पवन कुमार सिंह भी घटनास्थल पर कैंप किए हुए हैं। एसडीआरएफ की कई टीमें गहरे तालाब में छात्र की तलाश में जुटी हुई हैं। घोर अंधेरा और तालाब की गहराई रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी बाधा बन रही है। बावजूद इसके संसाधनों के सहारे तलाश लगातार जारी है। घटनास्थल पर हजारों की संख्या में स्थानीय लोग जमा हैं, जिससे माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया है। मौके पर मौजूद एसडीओ रंजीत कुमार रंजन ने बताया कि, “हॉस्टल में रह रहे छात्र के तालाब में डूबने की सूचना पर तत्काल एसडीआरएफ को लगाया गया है। देर रात तक तलाश जारी है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। वहीं एसडीपीओ मुकेश कुमार ने कहा कि, अंधेरा काफी है, इसके बावजूद हर संभव प्रयास किया जा रहा है। कई टीमों को लगाया गया है। मौके पर मौजूद जिला कल्याण पदाधिकारी पवन कुमार सिंह ने छात्र की पहचान की पुष्टि करते हुए कहा कि लालचंद हसदा 11वीं का छात्र था और फुटबॉल पकड़ने के प्रयास में तालाब में कूदा। जिसकी खोजवीन जारी है। इधर, घटना के बाद कई सवाल भी उठ रहे हैं—आवासीय विद्यालय के छात्र परिसर से बाहर कैसे पहुंचे? खेल के दौरान फिजिकल टीचर कहां थे? हालांकि फिलहाल प्रशासन इन सवालों से परे छात्र की खोज में पूरी ताकत झोंक दी है। समय बीतने के साथ लोगों की उम्मीदें कमजोर पड़ती जा रही हैं, लेकिन जब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं होती कुछ कहना जल्दवाजी होगा। समाचार प्रेषण तक प्रशासन का सर्च ऑपरेशन जारी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




