जिले में स्मार्ट मीटर जागरूकता पखवाड़ा शुरू, स्मार्ट प्रीपेड मीटर की मिलेगी जानकारी

Feb 09, 2026 11:23 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अररिया
share

अररिया में सोमवार से स्मार्ट मीटर जागरूकता पखवाड़ा शुरू हुआ। इसका उद्घाटन कार्यपालक अभियंता गौरव कुमार और राजेश प्रियदर्शी ने किया। यह पखवाड़ा 9 से 23 फरवरी 2026 तक चलेगा, जिसमें उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के लाभ और कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी जाएगी।

जिले में स्मार्ट मीटर जागरूकता पखवाड़ा शुरू, स्मार्ट प्रीपेड मीटर की मिलेगी जानकारी

अररिया, वरीय संवाददाता सोमवार से विद्युत आपूर्ति प्रमंडल अररिया परिसर में स्मार्ट मीटर जागरूकता पखवाड़ा शुरू हुआ। इसका उद्घाटन विद्युत आपूर्ति प्रमंडल अररिया के कार्यपालक अभियंता गौरव कुमार एवं विद्युत आपूर्ति प्रमंडल फारबिसगंज के कार्यपालक अभियंता राजेश प्रियदर्शी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। बताया कि बिजली विभाग की ओर से नौ फरवरी से 23 फरवरी 2026 तक स्मार्ट मीटर जागरूकता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसमें उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से जुड़ी जानकारियां दी जाएंगी। उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए ई-रिक्शा के माध्यम से भी सभी पंचायत में प्रचार प्रसार किया जाएगा, इसमें स्मार्ट प्रीपेड मीटर की विशेषताएं बताई जाएगी।

समारोह को संबोधित करते हुए कार्यपालक अभियंता गौरव कुमार ने कहा कि स्मार्ट मीटर के उपभोक्ताओं को 25 पैसे प्रति यूनिट सस्ती बिजली मिलती है तथा स्मार्ट मीटर से वास्तविक खपत के आधार पर बिलिंग होती है। उपभोक्ता अपने दैनिक खपत एवं किए गए रिचार्ज की जानकारी बिहार विद्युत स्मार्ट मीटर ऐप पर देख सकते हैं। घरेलू उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 125 यूनिट तक उपभोग पर स्मार्ट मीटर में कोई भी रिचार्ज नहीं करना पड़ेगा तथा मासिक 125 यूनिट से ज्यादा उपभोग होने पर अधिशेष यूनिट का ही रिचार्ज करना पड़ेगा। सार्वजनिक अवकाश एवं साप्ताहिक अवकाश में नेगेटिव बैलेंस होने पर भी स्मार्ट मीटर की बिजली नहीं कटती है और अन्य दिनों में भी सुबह 10 बजे से दो बजे दोपहर तक ही नेगेटिव बैलेंस पर बिजली काटी जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाले स्मार्ट मीटर में नेगेटिव बैलेंस पर बिजली कटने के उपरांत यदि रिचार्ज करने के 30 मिनट के अंदर बिजली नहीं आती है तो स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर लगे पुश बटन को 20 सेकंड तक दबा कर रखने से अगले 72 घंटे के लिए बिजली स्वत: चालू हो जाएगी। समारोह को राजस्व पदाधिकारी कृष्ण कुमार, लेखा पदाधिकारी नीरज कुमार सिंह एवं सहायक विद्युत अभियंता जोकीहाट जिकेश कुमार आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर उपभोक्ताओं के पूछे गए सवालों का जवाब भी दिये गये।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।