वाहन की चपेट में आने से छह वर्षीया मासूम बच्ची की मौत, विरोध में सड़क जाम
रानीगंज में शुक्रवार को इंद्रपुर गांव के पास एक छह साल की बच्ची राजकुमारी की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। बच्ची सड़क किनारे खड़ी थी, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया।

रानीगंज। एक संवाददाता। रानीगंज-सरसी एनएच 327 ई पर इंद्रपुर गांव के समीप शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक छह साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतका राजकुमारी रानीगंज प्रखंड स्थित मझुवा पश्चिम पंचायत के वार्ड चार निवासी बिजेन्द्र पासवान की बेटी थी। घटना के संबंध में मृतका के परिजनों ने बताया कि बच्ची राजकुमारी अपने घर के समीप सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अनियंत्रित चार पहिया वाहन ने बच्ची को जोरदार ठोकर मार दिया। इससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गयी। इधर घटना से गुस्साए परिजनों व स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर यातायात बाधित कर दिया।
इस दौरान करीब आधे घंटे तक सड़क जाम रहा। जाम की सूचना मिलने पर रानीगंज सीओ अमृत राज और रानीगंज पुलिस मौके पर पहुंचे। इसके बाद सड़क जाम कर रहे आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। करीब आधा घंटे बाद पुन: यातायात चालू हुआ। सीओ अमृत राज ने बताया की आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कर दिया गया है। परिजन मुआवजे की मांग कर रहे थे। अभी ऑन स्पोर्ट मुआवजे का प्रावधान नहीं है। शव को पोस्टमार्टम में भेजा गया है। कागजी प्रक्रिया के बाद मुआवजा दिया जायेगा। इधर घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। मृतक की मां रह रहकर अपनी बेटी का शव देख बिलख रही थी। मृतका राजकुमारी दो बहन व एक भाई था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



