Hindi NewsBihar NewsAraria NewsShocking Teacher Murder in Bihar Love Triangle and Mistaken Identity Lead to Tragedy
प्रेम, प्रतिशोध और पहचान की भूल से हुई थी नरपतगंज की शिक्षिका की हत्या

प्रेम, प्रतिशोध और पहचान की भूल से हुई थी नरपतगंज की शिक्षिका की हत्या

संक्षेप:

बिहार के फारबिसगंज में शिक्षिका शिवानी वर्मा की हत्या ने मानवता और महिला सशक्तिकरण पर सवाल उठाए हैं। यह हत्या एक व्यापारी की पत्नी की जलन और प्रतिशोध का परिणाम थी। शिवानी को गलत पहचान के आधार पर मारा गया, जो कि साजिश का शिकार बनीं। यह घटना अब एक सामाजिक प्रश्न बन चुकी है।

Dec 05, 2025 11:02 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अररिया
share Share
Follow Us on

फारबिसगंज, निज संवाददाता। नरपतगंज की ग्रामीण गलियों से लेकर फारबिसगंज के व्यस्त बाज़ारों तक इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा एक ऐसी घटना की है जिसने मानवता, विश्वास और महिला सशक्तिकरण—तीनों को कटघरे में खड़ा कर दिया है। महानगरों में ‘महिला सुपारी किलिंग’ जैसी कहानियां अक्सर सुनाई देती थीं पर बिहार के एक शांत शहर में शिक्षिका शिवानी वर्मा की निर्मम हत्या ने इस कथा को वास्तविकता का ऐसा झटका दिया है, जिससे पूरा इलाका हतप्रभ है। घटना की जड़ें एक व्यापारी और दूसरी महिला शिक्षिका के बीच चल रहे प्रेम संबंध में छिपी थीं। व्यापारी की पत्नी के लिए यह रिश्तों का जहर किसी औरत की छाया की तरह हो गया था।

जलन, असुरक्षा और टूटते दांपत्य के बीच उसने एक ऐसा कदम उठाया, जिसे किसी भी सभ्य समाज में अच्छी दृष्टि से नहीं देखा जा सकता है। पत्नी ने एक परिचित से संपर्क कर दो युवकों को हत्या की सुपारी दे डाली। लक्ष्य थी वह शिक्षिका, जिसे वह अपने वैवाहिक जीवन की दीवार मानती थी। पूरे षड्यंत्र को बेहद सोच-समझकर अंजाम दिया गया, लेकिन किस्मत की क्रूर विडंबना देखिए—जिस महिला की हत्या की साजिश रची गई थी, उसकी जगह शिवानी वर्मा को मार दिया गया। सिर्फ इसलिए कि दोनों एक ही तरह की स्कूटी चलाती थीं और उस दिन, उस वक्त, उस मोड़ पर शिवानी को देखकर सुपारी किलर्स ने शीघ्रता में गलत पहचान के आधार पर गोली चला दी। शिवानी—एक शांत, सपने संजोए, भविष्य में डीएम बनना चाहने वाली शिक्षिका थी। वह न तो किसी विवाद की पात्र थी, न किसी प्रेम कहानी की किरदार, फिर भी वह बलि चढ़ गई। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, घटनाक्रम और हैरान करने वाला होता गया। पुलिस ने पूरे मामले का उद्भेदन कर अपराधियों को पकड़ लिया। एक शिक्षक, जिसे गलतफहमी में आरोपी बनाया जा रहा था, जांच के बाद निर्दोष साबित हुआ और बड़ी मुश्किल से वह अपनी जिंदगी बचा पाया। एसपी के त्वरित कदमों ने पुलिस को भी दलदल में फंसने से बचा लिया। घटना ने बिहार में उस समय और भी चर्चा बटोरीं, जब राज्य में नई सरकार द्वारा योगी मॉडल बुलडोज़र अभियान चर्चा में था, और मृतका शिवानी संयोग से उसी मॉडल प्रदेश की निवासी थीं। जानकार कहते हैं कि यह मौत सिर्फ एक क्राइम स्टोरी नहीं रही, बल्कि सामाजिक सवाल बन गई। क्या महिला सशक्तिकरण की दौड़ में महिलाऐं ही महिलाओं के खिलाफ इतनी नृशंस कदम उठा सकती हैं? क्या एक रिश्ते की खटास किसी इंसान का जीवन छीनने की वजह बन सकती है? शिवानी की मौत ने साबित कर दिया कि सूरज को भले मुट्ठी में छिपाया जा सकता है, पर जुर्म को छिपाना उतना ही मुश्किल है। अब लोगों का कहना हैं कि यह सिर्फ हत्या नहीं थी, बल्कि पहचान की भूल में खत्म हो गए एक सपने की कहानी है, जिसने पूरे समाज को भीतर तक हिला दिया है। इस मामले पर एसपी अंजनी कुमार ने बताया कि इस मामले में एक छोटी सी गलती शिक्षक का जिंदगी बर्बाद कर सकता था । मगर पुलिस की अनुसंधान ने पूरी स्थिति को स्पष्ट कर दिया है। प्रेम, प्रतिशोध और पहचान के अभाव में यह घटना घटी है। इसके बावजूद भी अपराधी के संरक्षक भी चिन्हित किए गए हैं। इसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;