सीमांचल पांच, जोगबनी-दानापुर डेढ़ तो फारबिसगंज सहरसा एक घंटे लेट पहुंची सीमांचल पांच, जोगबनी-दानापुर डेढ़ तो फारबिसगंज सहरसा एक घंटे लेट
फारबिसगंज, निज संवाददाता। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का असर रेल परिचालन पर

फारबिसगंज, निज संवाददाता। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का असर रेल परिचालन पर लगातार छठे दिन भी देखने को मिला। कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम होने से ट्रेनों की रफ्तार नियंत्रित रखनी पड़ रही है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आनंद विहार दिल्ली से जोगबनी आने वाली सीमांचल एक्सप्रेस बुधवार को अपने निर्धारित समय से करीब 5 घंटे 03 मिनट की देरी से फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन ने दोपहर करीब 12:03 बजे स्टेशन पर प्रवेश किया। इससे पहले मंगलवार को भी यह ट्रेन लगभग साढ़े तीन घंटे विलंब से पहुंची थी। इसके अलावा जोगबनी-दानापुर एक्सप्रेस लगभग डेढ़ घंटे विलंब से रवाना हुई, जबकि फारबिसगंज-सहरसा पैसेंजर ट्रेन भी करीब एक घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची।
लगातार हो रही देरी के कारण यात्रियों और उनके परिजनों की परेशानी बढ़ती नजर आई। सुबह से ही स्टेशन परिसर में लोग घने कोहरे और ठंड के बीच अपनों का इंतजार करते दिखे। हालांकि कई यात्रियों ने समय से अधिक सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता देने की बात कही। इस संबंध में स्टेशन प्रबंधन मनोज झा ने बताया कि किसी प्रकार की तकनीकी खराबी नहीं है। कोहरे और अदृश्यता के कारण एहतियातन ट्रेनों की गति कम रखी जा रही है। सीटीआई रविंद्र कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और सुरक्षित परिचालन को ध्यान में रखते हुए ही ट्रेनें विलंब से चलाई जा रही हैं। यात्रियों को ट्रेनों की स्थिति की पल-पल जानकारी दी जा रही है, ताकि उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो। इधर, रेलवे सुरक्षा बल यानि आरपीएफ भी पूरी तरह मुस्तैद दिखी। स्टेशन परिसर में लगातार गश्त कर यात्रियों और उनके परिजनों को ट्रेनों की जानकारी दी जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




