ग्रामीण क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत से उपभोक्ता परेशान
भरगामा। निज संवाददाता भरगामा एल आसपास के इलाके में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत

भरगामा। निज संवाददाता भरगामा एल आसपास के इलाके में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत से उपभोक्ताओं के बीच त्राहिमाम मचा हुआ है। पिछले करीब 15 दिनों से घरेलू गैस सिलेंडर की भारी कमी बनी हुई है। इसस करण खासकर गृहिणियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और हजारों परिवारों के घरों में खाना बनाना मुश्किल हो गया है । बताया जा रहा है कि भरगामा प्रखंड क्षेत्र में पिछले एक पखवाड़े से अधिक समय से गैस की किल्लत बनी हुई है। ऐसा नहीं है कि इस बीच गैस गोदाम पर गैस आया नहीं है। 15 दिनों के अंदर दो बार गैस गोदाम पर गैस आने की सूचना है लेकिन दोनों बार एक घंटे में ही समाप्त होने की सूचना गोदाम के आगे टांग दी गई।
लिहाजा गैस आपूर्ति को लेकर स्थिति इतनी विकराल हो गई है कि लोगों को वैकल्पिक व्यवस्था का सहारा लेना पड़ रहा है। मसलन खाना बनाने के लिए लकड़ी के चूल्हे या अन्य पारंपरिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इस समस्या से महिलाएं विशेष रूप से परेशान हैं क्योंकि उन्हें अधिक समय और श्रम करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि भरगामा प्रखंड मुख्यालय स्थित जागेश्वरी गैस एजेंसी व पैकपार में स्थित एचपी के गैस एजेंसी पर गैस एजेंसी पर वे हर सुबह गोदाम के बाहर सिलेंडर मिलने की उम्मीद में रोजाना लंबी कतार लगता है, लेकिन अक्सर सिलेंडर खत्म होने की सूचना मिलने पर उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। इससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। गैस गोदाम के कर्मियों द्वारा बताया जाता है कि पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने के कारण अधिकांश उपभोक्ताओं को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि लगभग 20 दिन पहले तक घरेलू गैस की आपूर्ति होम डिलीवरी के माध्यम से की जाती थी, लेकिन अब उपभोक्ताओं को स्वयं गोदाम पर पहुंचकर घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार करीब 15 दिनों के बाद रविवार को गोदाम से गैस का सिलेंडर का वितरण किया गया। परंतु कुछ उपभोक्ताओं को ही देकर बताया गया कि अब सिलेंडर समाप्त हो चुका है। स्थानीय लोगों ने बताया रविवार को गैस से लदा एक ट्रक प्रखंड में पहुंचा, जिससे सिलेंडर लेने के लिए गोदाम पर अचानक भीड़ उमड़ पड़ी और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। उपभोक्ताओं ने बताया कि इससे 10 दिन पहले भी एक दिन गैस की आपूर्ति क्षेत्र में हुई थी लेकिन सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिला था। इधर इस संबंध में युवा नेता बबलू रजक ने आरोप लगाया कि गैस गोदाम वालों का क्षेत्र के दुकानदारों से साठ-गांठ है। जब भी गैस उपलब्ध होता है। गैस गोदाम वालों के द्वारा दुकानदारों को गैस आने की सूचना दे दी जाती है। दुकानदारों के ही आदमी अहले सुबह लाइन लगकर गैस सिलेंडर ले लेते हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिल पाता है। बताया कि क्षेत्र के होटल संचालक और फास्ट फूड विक्रेता, चाय दुकान वाले कॉमर्शियल गैस की जगह घरेलू गैस सिलेंडर लेकर उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे दुकानदार लाइन में लगकर एक साथ चार से पांच घरेलू सिलेंडर का उठाव कर लेते हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल पाता है और क्षेत्र में गैस की किल्लत हो जाती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे दुकानदारों की जांच कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि घरेलू गैस का लाभ वास्तविक उपभोक्ताओं को मिल सके। गैस एजेंसी के व्यवस्थापकों ने बताया कि गैस प्लांट से ही पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। प्लांट से सीमित संख्या में सिलेंडर मिल रहा है। जिसके कारण सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना संभव नहीं हो पा रहा है। आश्वासन दिया कि जैसे ही आपूर्ति समान्य होगी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि फिलहाल गैस की कमी से लोगों की परेशानी बनी हुई है।इधर, इस मामले को लेकर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी गणेश कुमार ने बताया कि गैस की किल्लत और दुकानदारों द्वारा घरेलू सिलेंडर के दुरुपयोग की शिकायत संज्ञान में आई है। जल्द ही जांच टीम गठित कर मामले की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


