
रुक रुककर चल रही पछुआ हवा से मौसम में कनकनी बरकरार
अररिया में पिछले एक सप्ताह से भीषण ठंड ने जन जीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है। मजदूरों को काम कम मिलने से रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई है। शहर के चांदनी चौक पर कई मजदूर काम की तलाश में खड़े हैं। तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे बाजारों में भी खरीदारों की संख्या में कमी आई है।
अररिया, निज प्रतिनिधि जिले में पिछले करीब एक सप्ताह से जारी भीषण ठंड से जहां जिलेभर में जन जीवन अस्त व्यस्त है वहीं दूसरी तरफ अब दिहारी पर काम करने वाले मजदूरों के समक्ष रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई है। भीषण ठंड के कारण मजदूरों को काम कम मिलने से उनके समक्ष रोजी रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई है। शहर से लेकर गांव तक भीषण ठंड के कारण आमलोगों के साथ साथ मजदूर भी अपने घरों में दुबके रहते हैं, जिस कारण उन्हें आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है। शहर के चांदनी चौक पर काम करने के इंतजार में खड़े जयप्रकाश नगर के संजीव कुमार, मुकेश कुमार, दिलीप कुमार, मो हाशिम आदि मजदूरों ने बताया कि भीषण ठंड के कारण पहले की तरह काम नहीं मिल रहा है।
काम नहीं मिलने के कारण बैरंग घर लौटना पड़ जाता है। दिनों दिन मजदूरों की आर्थिक स्थिति बदहाल होती जा रही है। बताते चले कि पिछले कुछ दिनों में लोगों को कोहरे से तो थोड़ी राहत मिली है लेकिन भीषण ठंड से अब भी लोगों का हाल बेहाल है। मंगलवार को भी जिले में भीषण ठंड का कहर जारी रहा। मंगलवार को जिले के अधिकतम तापमान का पारा 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई जबकि न्यूनतम पारा 12 डिग्री सेल्सियस रही। दिन भर रुक रुककर पछुआ हवा चलने के कारण मौसम में कनकनी का एहसास होता रहा। लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। कोई अलाव के पास तो कोई रूम हीटर के सहारे ठंड बिताते नजर आए। बाजारों में भी इसका असर दिख रहा है। ठंड के कारण खरीदारों की संख्या में कमी आई है। जो लोग अपने जरूरत के हिसाब से बाजारों में खरीदारी करने पहुंचे थे वे लोग ठंड की वजह से काम निपटा कर अपने घर भागने की फिराक में नजर आए। इधर मौसम विभाग के मुताबिक आनेवाले दिनों में भी तापमान में इसी तरह मामूली उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। रुक-रुक कर पछिया हवा चलने से लोगों को हल्की ठंड का एहसास होगा। आने वाले कुछ दिनों तक जिले में भीषण ठंड और घने कोहरा बढ़ने की संभावना कम दिख रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




