अररिया: सीमांचल साढ़े तीन तो व चित्तपुर एक्सप्रेस एक घंटे विलंब से पहुंची
फारबिसगंज में घने कोहरे और ठंड से ट्रेन परिचालन प्रभावित है। सीमांचल एक्सप्रेस लगभग 3.5 घंटे विलंब से पहुंची। यात्रियों को ठंड में इंतजार करना पड़ा। रेलवे ने कहा कि ट्रेनें सुरक्षित चल रही हैं और कोहरे के कारण गति नियंत्रित रखी जा रही है। यात्रियों को लाइव स्थिति की जानकारी दी जा रही है।

फारबिसगंज, निज संवाददाता। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का असर रेल परिचालन पर लगातार बना हुआ है। मंगलवार को भी आनंद विहार दिल्ली से जोगबनी आने वाली सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब तीन घंटे 30 मिनट विलंब से फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पहुंची। वहीं कोलकाता से जोगबनी जाने वाली चित्तपुर एक्सप्रेस भी लगभग एक घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंची। कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम रहने से ट्रेनों की गति नियंत्रित रखनी पड़ रही है, जिसका सीधा असर यात्रियों और उनके परिजनों पर पड़ रहा है। सीमांचल एक्सप्रेस बीते पांच दिनों से लगातार विलंब से चल रही है।
पहले तीन दिनों में ट्रेन साढ़े तीन से चार घंटे तक लेट रही, जबकि मंगलवार को देरी कुछ कम रही, लेकिन यात्रियों की परेशानी बरकरार रही। सुबह से ही फारबिसगंज स्टेशन परिसर में यात्रियों के परिजन कड़ाके की ठंड में अपनों का इंतजार करते नजर आए। हालांकि अधिकांश लोगों ने कोहरे में सुरक्षित यात्रा को समय से अधिक महत्वपूर्ण बताया। स्टेशन प्रबंधक मनोज कुमार झा ने बताया कि ट्रेन परिचालन पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की तकनीकी खराबी नहीं है। उन्होंने कहा कि घने कोहरे और अदृश्यता के कारण एहतियातन ट्रेनों की रफ्तार कम रखी जा रही है। रेलवे द्वारा फॉग सेफ्टी डिवाइस सहित सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। सुरक्षित और सुलभ यात्रा कराना रेलवे की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इधर, कोहरे और ट्रेनों की देरी को देखते हुए आरपीएफ भी पूरी तरह सक्रिय दिखी। आरपीएफ प्रभारी उमेश प्रसाद सिंह के नेतृत्व में जवान स्टेशन परिसर में लगातार गश्त करते रहे और प्रतीक्षारत परिजनों को ट्रेनों की स्थिति की जानकारी देते रहे। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन की लाइव स्थिति की जानकारी अवश्य लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके। वहीं इंतजाररत यात्रियों को ट्रेन परिचालन की पल-पल की खबर दी जा रही है। इस संबंध में सीटीआई रविंद्र कुमार ने बताया कि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी ना हो इसका विशेष ख्याल रखा जा रहा है। और ट्रेन की स्थिति की पल-पल जानकारी दी जाती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



