जिले में सरकारी समर्थन मूल्य पर धान खरीद की तिथि बढ़ने से मिली राहत
अररिया में धान खरीददारी की तिथि 31 मार्च तक बढ़ा दी गई है, जिससे किसानों में खुशी का माहौल है। पहले अंतिम तिथि 28 फरवरी थी। अब तक 74,421.875 एमटी धान की खरीद हो चुकी है। विभाग ने धान खरीद के आंकड़ों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

अररिया, निज प्रतिनिधि जिले में सरकारी समर्थन मूल्य पर धान खरीददारी की तिथि बढ़ गयी है। जिले में अब 31 मार्च तक पैक्स और व्यापार मंडल के माध्यम से धान की खरीद होगी। धान खरीददारी की तिथि बढ़ने से किसानों में खुशी है। इससे अधिक से अधिक किसानों को सरकार की ओर से निर्धारित एमएसपी का लाभ मिल सकेगा। विभाग ने इससे पहले धान खरीददारी की अंतिम तिथि 28 फरवरी निर्धारित किया था। धान खरीददारी की तिथि बढ़ने से विभागीय अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली है। धान खरीद की तिथि बढ़ने के बाद अब उम्मीद है कि इस बार अररिया जिला धान की खरीददारी में लक्ष्य हासिल कर लेगा।
इस बार अररिया जिले में एक लाख चार हजार 202 एमटी धान की खरीद का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें शुक्रवार की शाम समाचार लिखे जाने तक 74 हजार 421.875 एमटी धान की खरीद हो चुकी थी। जिले में लगातार धान की खरीद का आंकड़ा धीरे-धीरे बढ़ रहा है। विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कुल खरीदे गये धान में से 11 हजार 930.820 एमटी धान मिलर के पास जमा हुआ है। इसमें 8700 एमटी चावल एसएफसी में जमा हो चुका है। बताते चलें कि फिलहाल जिले में 182 पैक्स और आठ व्यापार मंडल के माध्यम से सरकारी समर्थन मूल्य 2369 रूपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीद रही है। धान की खरीद एक नवंबर 2025 से शुरू है। मजे की बात तो यह कि इस बार जिले में सरकारी समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए 22 हजार 556 किसानों ने ऑनलाईन आवेदन किया था जिसमें से अबतक 50 फीसदी किसानों से भी धान की खरीददारी नहीं हो पायी है। प्रखंडवार धान खरीद का आंकड़ा: अररिया प्रखंड में 6241.534 एमटी, भरगामा में 8295.575 एमटी, फारबिसगंज में 11 हजार 832.624 एमटी, जोकीहाट में 7421.326 एमटी, कुर्साकांटा में 4320.484 एमटी, नरपतगंज में 12 हजार 44.485 एमटी, पलासी में 7320.505 एमटी, रानीगंज में 13 हजार 246.702 एमटी और सिकटी में 3698.327 एमटी धान की खरीद हुई है। शुक्रवार को जिले में महज 64 किसान से 10.896 एमटी धान की खरीद की गयी। फिलहाल धान खरीद में रानीगंज सबसे आगे चल रहा है जबकि सिकटी प्रखंड में सबसे कम धान की खरीद हुई है। कहां कितने केन्द्रों पर हो रही धान की खरीद: अररिया प्रखंड में 20 पैक्स और एक व्यपार मंडल, भरगामा में 17 पैक्स और एक व्यापार मंडल, फारबिसगंज में 27 पैक्स और एक व्यापार मंडल, जोकीहाट में 22 पैक्स और एक व्यापार मंडल, कुर्साकांटा में 11 पैक्स और एक व्यापार मंडल, नरपतगंज में 27 पैक्स और एक व्यापार मंडल, पलासी में 19 पैक्स और एक व्यापार मंडल, रानीगंज में 28 पैक्स और सिकटी में 11 पैक्स और एक व्यापार मंडल से सरकारी समर्थन मूल्य पर किसानों से धान की खरीद हो रही है। बोले पदाधिकारी: जिले में सरकारी समर्थन मूल्य पर धान की खरीद अब 31 मार्च तक होगा। धान खरीद का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। खरीद केन्द्रों को लक्ष्य के अनुरूप धान की खरीद का निर्देश दिया गया है। धान खरीद की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। धान खरीद की तिथि बढ़ने से अधिक से अधिक किसान सरकारी खरीद केन्द्रों में अपना धान बेच सकेंगे। -मधुसूदन आनंद, जिला सहकारिता पदाधिकारी, अररिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



