Araria News: मंगल गीतों से गूंजा श्री राणी सती मंदिर, भक्ति में झूमीं महिलाएं
Araria News: श्री दादी महिला मंडल द्वारा आयोजित दो दिवसीय श्री राणी सती भादो महोत्सव में राजस्थानी संस्कृति की शोभा देखने को मिली। इस अवसर पर सामूहिक मंगल पाठ, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और दादीजी को छप्पन भोग अर्पित किया गया।

Araria News: फारबिसगंज, एक संवाददाता। श्री दादी महिला मंडल की ओर से आयोजित दो दिवसीय श्री राणी सती भादो महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को स्थानीय श्री मारवाड़ी ठाकुरबाड़ी स्थित श्री राणी सती मंदिर में राजस्थानी संस्कृति की मनोहारी छटा देखने को मिली। इस दौरान सामूहिक मंगल पाठ, भजनों की अमृतवर्षा और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में महिलाओं ने सामूहिक रूप से मंगल पाठ में हिस्सा लिया और दादीजी के भजनों पर झूमती-गाती नजर आईं। शुक्रवार को दोपहर एक बजे से संध्या आठ बजे तक आयोजित कार्यक्रम में दादीजी का विशेष मंगल पाठ, भजन-कीर्तन एवं आरती का आयोजन किया गया। इसके साथ ही दिनभर जात एवं पूजन कार्यक्रम भी चलता रहा। राजस्थानी वेशभूषा में सजी-धजी महिलाओं के सुमधुर मंगल गीतों और पाठ से मंदिर परिसर में भक्ति की रसधारा बहती रही। महोत्सव का शुभारंभ दादीजी की तस्वीर के समक्ष दीप एवं ज्योति प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान ओम जय श्री राणी सती जी मैया, जय श्री जगदम्ब सती जी, अपने भक्तजनों की दूर करे विपत्ति' जैसे मंगल गीतों के बीच दादीजी का विशेष श्रृंगार किया गया। विशेष मंगल आरती के लिए सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु ठाकुरबाड़ी परिसर में एकत्रित हुए। आरती के उपरांत भक्तों ने दादीजी को छप्पन भोग अर्पित किया। मंगल गीतों की गूंज से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। वहीं, छोटे-छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत सजीव झांकी भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। बंगाल के रायगंज से पधारे आमंत्रित मंगल पाठ वाचक एवं भजन गायक कृष्णा शर्मा ने अपनी टीम के साथ भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर महिलाएं झूमती नजर आईं.
महोत्सव का आयोजन
इस मौके पर मीना अग्रवाल, किरण अग्रवाल एवं उर्मिला जैन ने संयुक्त रूप से बताया कि भादो बदी अमावस्या के अवसर पर दादीजी का दो दिवसीय महोत्सव आयोजित किया गया। पहले दिन गुरुवार को निशान शोभायात्रा निकाली गई, जबकि दूसरे दिन संगीतमय मंगल पाठ का आयोजन किया गया।
भक्ति और पूजा
उन्होंने बताया कि मंगल पाठ के दौरान दादीजी की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु स्वास्तिक बनाकर रोली, मेहंदी, चावल, पेड़ा, चुनरी सहित विभिन्न श्रृंगार सामग्री अर्पित करते हैं। आमंत्रित भजन गायकों की सुमधुर प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पूजा-अर्चना के बाद महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे शामिल हुए।
मंदिर की सजावट
मंगल पाठ को लेकर दादीजी का दरबार भव्य एवं आकर्षक तरीके से सजाया गया था। मंदिर प्रांगण में बनाए गए दादीजी के सेल्फी प्वाइंट पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई।इस मौके पर मीना अग्रवाल, किरण अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, स्नेहलता गौतम, लक्ष्मी गौतम, वंदना अग्रवाल, मीरा अग्रवाल, संजू अग्रवाल, नीलम डालमिया, ममता अग्रवाह, उर्मिला जैन, रंजू डालमिया, स्वाति अग्रवाल, शोभा अग्रवाल, मनोरमा अग्रवाल, पूनम अग्रवाल, सुमन बंसल, पिंकी अग्रवाल, कविता अग्रवाल, रेखा अग्रवाल सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं। जबकि कार्यक्रम की सफलता में मंदिर के व्यवस्थापक पवन शर्मा, महंत पंडित अभिषेक दुबे, पवन अग्रवाल, घनश्याम अग्रवाल,कमल भूपाल, पंकज भूपाल, कमल अग्रवाल, उत्तम अग्रवाल, अमन अग्रवाल, मनोज अग्रवार, सौरव अग्रवाल, हर्ष अग्रवाल, मनोहर शर्मा आदि ने सराहनीय योगदान दिया।


