जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने पर उगाही को लेकर ग्रामीणों ने विधायक को दिया आवेदन
रानीगंज के घघरी पंचायत के ग्रामीणों ने पंचायत सचिव ऋषि कुमार पर जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए नजराना मांगने का आरोप लगाया है। उन्होंने विधायक अविनाश मंगलम को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सचिव गरीब जनता से मोटी रकम वसूलते हैं, जिससे उनके आवेदन लंबित रहते हैं।

रानीगंज। एक संवाददाता प्रखंड के घघरी पंचायत के दर्जनों ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर घघरी पंचायत के पंचायत सचिव ऋषि कुमार पर जन्म व मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के एवज में नजराना मांगने का आरोप लगाते हुए विधायक अविनाश मंगलम को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। घघरी पंचायत के ग्रामीण उमर अली, शौकत, जियाउर्रहमान, समा आरा, समीम अख्तर सहित दर्जनों लोगों ने विधायक को आवेदन देकर बताया है कि हम तमाम घघरी पंचायत के गरीब, मजदूर जनता इस बात से परेशान हैं कि घघरी पंचायत के पंचायत सचिव हम लोगों से जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने के नाम पर मोटी रकम वसूलते हैं।
एक प्रमाण पत्र पर एक से डेढ़ हजार रुपये की मांग करते हैं। जो हम गरीब, मजदूर जनता नहीं दे पाते हैं इसलिए हमारा आवेदन छह महीने तक पड़ा रहता है। उसपर कोई सुनवाई नहीं होती है। विधवा, एवं विकलांग पेंशन पर भी एक, एक हज़ार मांगते हैं नहीं देने पर हमारे आवेदन को रिजेक्ट कर दिया जाता है। इसलिए हम गरीब जनता ने यह कदम उठाया है कि विधायक को आवेदन दिया जय ताकि हमारी इस समस्या का समाधान हो सके। इधर आरोपो को लेकर पंचायत सचिव ऋषि कुमार ने बताया कि हम किसी से पैसे नहीं मांगते है। पंचायत के अन्य काम करने के कारण जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में देरी हो जाता है। इसपर ग्रामीण झूठा आरोप लगा देते है। वहीं विधायक अविनाश मंगलम ने बताया कि ग्रामीणों के आवेदन की जांच की जायेगी। रानीगंज विधानसभा क्षेत्र से भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त किया जायेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




