फर्जी सरकारी दस्तावेज बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जोकीहाट पुलिस ने काकन चौक स्थित एक कंप्यूटर दुकान पर छापेमारी कर फर्जी सरकारी दस्तावेज बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी मो मोअम्मर आलम को गिरफ्तार किया और कई फर्जी दस्तावेज और तकनीकी उपकरण बरामद किए। आरोपी ने 2017 में आधार नामांकन एजेंसी ली थी और बाद में अवैध दस्तावेज बनाने लगा।

जोकीहाट, एक संवाददाता जोकीहाट पुलिस ने सोमवार की शाम काकन चौक स्थित एक कंप्यूटर दुकान पर छापेमारी कर फर्जी तरीके से सरकारी दस्तावेज बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से आधार कार्ड, पैन कार्ड को जब्त करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। हालांकि इस दौरान मौके का फायदा उठाकर कई लोग भाग गये। पुलिस के अनुसार दुकानदार के एक सहयोगी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जोकीहाट पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की है। जोकीहाट थानेदार राजीव कुमार झा ने बताया कि सोमवार दो मार्च की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि काकन चौक स्थित एक कंप्यूटर दुकान में अवैध रूप से सरकारी दस्तावेज बनाए जा रहे हैं।
इसके लिए क्षेत्र के भोले-भाले जनता से मोटी रकम वसूली जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही दुकान में मौजूद अन्य लोग भागने में सफल रहे, लेकिन दुकान संचालक मो मोअम्मर आलम को पुलिस ने दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनकी कम्पयूटर दुकान से बड़ी संख्या में तकनीकी उपकरण और फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। इसमें लैपटॉप, फिंगरप्रिंट मशीन, आइरिस स्कैनर, वेब कैमरा और यूएसबी डिवाइस, कई पैन कार्ड, वोटर आईडी, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, ब्लैंक चेकबुक और विभिन्न बैंकों की पासबुक आदि शामिल हैं। पूछताछ में आरोपी मोअम्मर ने बताया कि उसने 2017 में आधार नामांकन एजेंसी ली थी। एजेंसी बंद होने के बाद उसने नरपतगंज बसमतिया के एक सहयोगी के साथ मिलकर सरकारी वेबसाइट हैक कर अवैध दस्तावेज बनाना शुरू कर दिया। इधर मामले की सूचना मिलने पर एसडीएम बलवीर दास व एसडीपीओ सुशील कुमार जोकीहाट थाना पहुंचे और मामले की गहनता से जांच की। इस दौरान उन्होंने आरोपी से पूछताछ भी की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बसमतिया से एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए मुख्य आरोपी को पूछताछ के बाद मंगलवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया है। पुलिस ने इस संबंध में जोकीहाट थाना कांड संख्या 83/26 में दर्ज कर आगे की दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


