
क्लोन फिंगर से ठगी करने वाले दो साइबर अपराधी गिरफ्तार
जोकीहाट थाना पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई की। मटियारी पंचायत में छापेमारी कर इरतजा और दानिश नामक दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जो बैंक खातों से अवैध रूप से पैसे उड़ाने की योजना बना रहे थे। उनके पास से कई हाई-टेक उपकरण बरामद हुए हैं।
जोकीहाट, (एस)। जोकीहाट थाना पुलिस ने मंगलवार को साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने मटियारी पंचायत के बगडहरा वार्ड नंबर दो में छापेमारी कर अवैध तरीके से लोगों के बैंक खातों से राशि उड़ाने की फिराक में लगे दो अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए अपराधियों की पहचान मटियारी बागडहरा गांव निवासी इरतजा और दानिश के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले कई हाई-टेक उपकरण बरामद किए हैं, जिनमें 19 पीस फिंगर प्रिंट क्लोन, फिंगर प्रिंट स्कैनर, प्रिंटर किट, कनेक्टर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल है।
जोकीहाट थाना के थानेदार राजीव कुमार झा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इरतजा के घर पर कुछ लोग बैठकर अवैध रूप से दूसरे के बैंक खातों से पैसे निकालने की योजना बना रहे हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर छापेमारी की और दोनों को उपकरणों के साथ दबोच लिया। ये अपराधी फिंगर प्रिंट क्लोनिंग के जरिए लोगों के आधार कार्ड से जुड़े बैंक खातों में सेंध लगाने का काम करते थे। श्री झा ने जानकारी दी कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों से सघन पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपने गिरोह और काम करने के तरीके के बारे में अहम खुलासे किए हैं। पूछताछ की प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों अपराधियों को न्यायिक में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




