पुलिस टीम पर हमला व सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त करने के मामले में आरोपी गिरफ्तार

Newswrap हिन्दुस्तान, अररिया
share

भरगामा में दो साल पहले बिजली की व्यवस्था को लेकर हुए उग्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर हमले के मामले में मो. मासूम को गिरफ्तार किया गया है। प्रदर्शन में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया था, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी।

भरगामा, एक संवाददाता। भरगामा में दो साल पूर्व बिजली को लेकर हुए उग्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस टीम पर हमला एवं सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने नामजद अभियुक्त मो. निजाम के पुत्र मो. मासूम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर पुलिस टीम पर हमला करने व सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने के मामले में एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

बता दें कि पुलिस के मुताबिक, खजूरी साह टोला के समीप बिजली की लचर व्यवस्था से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया था। सड़क जाम की सूचना मिलते ही बीडीओ शशि भूषण सुमन, अंचलाधिकारी निरंजन कुमार मिश्र, तत्कालीन थानाध्यक्ष मनीष कुमार एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। इसी दौरान स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई और कुछ लोगों ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में प्रशिक्षु डीएसपी संतोष कुमार पोद्दार, तत्कालीन थानाध्यक्ष मनीष कुमार, एसआई दीपक कुमार, एसआई प्रमोद नारायण सिंह, एसआई रामाशीष राम, डीएसपी बॉडीगार्ड ब्रजेश कुमार, चौकीदार प्रदीप पासवान, चौकीदार राजकुमार चौधरी सहित करीब आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के दौरान चौकीदार प्रदीप कुमार पासवान के साथ लाठी-डंडे से मारपीट किए जाने की भी बात सामने आई थी। वहीं आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।