
वोटिंग के बाद समर्थकों के बीच जीत हार का जोड़ तोड़ शुरू
संक्षेप: कुमारख़ंड, निज संवाददाता। विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए गुरुवार को हुए मतदान
कुमारख़ंड, निज संवाददाता। विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए गुरुवार को हुए मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। प्रखंड के कुल 163811 मतदाताओं में से कुल 112084 मतदाता यानी 68.42 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर मैदान में खड़े एनडीए गठबंधन प्रत्याशी प्रो रमेश ऋषि, महागठबंधन प्रत्याशी चंद्रहास चौपाल, जनसुराज से प्रत्याशी प्रमोद राम सहित अन्य प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद कर दिया। सिंहेश्वर विधानसभा के अंतर्गत आने वाले प्रखंड के 21 पंचायत में हुए मतदान के दौरान 51376 पुरुष तथा 60708 महिला मतदाता ने वोट डाले। इससे यह साफ जाहिर होता है कि एक बार फिर आधी आबादी यानी महिला वोटर पुरुष वोटर से आगे रही।

मतदान समाप्ति के बाद हर चौक चौराहे, चाय पान की दुकान तथा सार्वजनिक स्थानों पर विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थक तथा विभिन्न दलों के कार्यकर्ताओं के बीच अपने अपने चहेते प्रत्याशियों को लेकर जीत हार का जोड़-तोड़ एवं वोट के गणितीय आकलन शुरू हो चुके हैं। मालूम हो कि इस विधानसभा चुनाव में एनडीए के प्रत्याशी पूर्व मंत्री सह जदयू जिलाध्यक्ष प्रो रमेश ऋषि , इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी निवर्तमान में सिंहेश्वर विधानसभा क्षेत्र से राजद विधायक चंद्रहास चौपाल, जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी प्रमोद राम सहित कुल नौ प्रत्याशी चुनावी मैदान में भाग्य आजमा रहे हैं। सभी प्रत्याशी और उनके समर्थकों के द्वारा सार्वजनिक रूप से तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने-अपने पक्ष में वोट होने और अपनी अपनी जीत सुनिश्चित होने की चर्चा पूरे जोर-शोर से शुरू हो चुकी है। वैसे तो इस चुनाव में एनडीए गठबंधन प्रत्याशी प्रो रमेश ऋषि और इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार निवर्तमान विधायक चंद्रहास चौपाल के बीच सीधा मुकाबला देखे जा रहे हैं। यूं तो निर्दलीय सहित अन्य प्रत्याशियों के समर्थक वोट का जोड़ तोड़ करने के साथ अपने पक्ष में जीत होने की बात कह रही है। इन प्रत्याशियों के समर्थक द्वारा चर्चा के दौरान अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में अलग-अलग जाति और समुदाय के लोगों का वोट मिलने का दावा किए जा रहे हैं और अपनी अपनी जीत सुनिश्चित होने की बात कही जा रही है। अब देखना है कि 14 नवंबर को जब ईवीएम खुलेगा और मतगणना शुरू होगी तो कौन प्रत्याशी इस बार की सिंहेश्वर विधानसभा चुनाव में जीत का सेहरा अपने सर बांधने में सफल हो पाते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




