
एक दिवसीय रोजगार मेला 18 को, एनसीएस पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य
अररिया में 18 अक्टूबर को एक दिवसीय रोजगार सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला जिला नियोजनालय परिसर में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इसमें एनसीएस पोर्टल पर पंजीकृत अभ्यर्थियों को नि:शुल्क रोजगार के अवसर मिलेंगे। सभी शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों को भाग लेने के लिए पंजीकरण अनिवार्य है।
अररिया, संवाददाता इसी माह की 18 तारीख यानी अगले बुधवार को समाहरणालय परिसर स्थित जिला नियोजनालय के प्रांगण में एक दिवसीय रोजगार सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला का आयोजन होगा। रोजगार मेला का आयोजन राज्य सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के दिशा निर्देश के आलोक में किया जा रहा है। मेला में वही अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे जो राष्ट्रीय करियर सेवा यानी एनसीएस पोर्टल पर पंजीकृत हैं। इस बाबत जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक मेला का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है। जिला नियोजन पदाधिकारी के हवाले से बताया गया कि इस जिला स्तरीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला के माध्यम से युवाओं को नि:शुल्क रोजगार का अवसर प्रदान किया जायेगा।
मेले में प्रवेश से लेकर अंतिम चयन तक की प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क रहेगी। उन्होंने बताया कि इस रोजगार मेले में 10वीं, केवाईपी, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक, एमबीए सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए राष्ट्रीय करियर सेवा पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण की सुविधा जिला नियोजनालय कार्यालय और मेला स्थल पर भी उपलब्ध रहेगी। अभ्यर्थियों को मेले में अपने बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना जरूरी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




