समृद्धि यात्रा: 11 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अररिया में

Mar 08, 2026 11:29 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अररिया
share

अररिया में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 10 मार्च से शुरू होने वाली पांच दिवसीय समृद्धि यात्रा की घोषणा की है। इस यात्रा के दौरान वे राज्य के 10 जिलों का दौरा करेंगे, जिसमें अररिया और किशनगंज भी शामिल हैं। यात्रा के दौरान वे अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और महत्वपूर्ण योजनाओं का निरीक्षण करेंगे।

समृद्धि यात्रा: 11 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अररिया में

अररिया, संवाददाता राज्य में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम का एक दिलचस्प पहलू सामने आया है। जहां एक तरफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना लगभग तय हो चुका है। उनके पुत्र निशांत रविवार को औपचारिक रूप से जदयू में शामिल हो गए। माना जा रहा था कि राज्यसभा के लिए नामांकन करने के बाद नीतीश कुमार कुछ दिन आराम से बिताना चाहेंगे। पर ऐसा होता नहीं दिख रहा। वो अब भी एक मुख्यमंत्री की भूमिका पूरी सक्रियता से निभाते नजर आ रहे हैं। इसका एक उदाहरण उनके तीसरे चरण की समृद्धि यात्रा की घोषणा है। नीतीश कुमार 10 मार्च से राज्य में पांच दिवसीय समृद्धि यात्रा पर निकलेंगे।

इसकी पुष्टि मंत्रिमंडल सचिवालय के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी के उस पत्र से होती है जो उनके स्तर से जिलों के डीएम सहित प्रमंडल और राज्य स्तरीय वरीय अधिकारियों को रविवार को भेजा गया है। पत्र के मुताबिक समृद्धि यात्रा सुपौल और मधेपुरा से शुरू होगी और पांच दिनों में सीएम अररिया किशनगंज सहित 10 जिलों का भ्रमण करेंगे। यात्र के दूसरे दिन पूर्वाह्न में अररिया का कार्यक्रम निर्धारित है और उसी दिन अपराह्न में किशनगंज का दौरा करेंगे।जिला जनसंपर्क पदाधिकारी चन्द्रशेखर यादव ने मामले की पुष्टि की है। बताया कि जिला भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। साथ ही जन संवाद कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। इसके अलावा जिले में संचालित कुछ महत्वपूर्ण योजनाओं का स्थल निरीक्षण करेंगे और कुछ परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। सीएम के प्रस्तावित कार्यक्रम की पुष्टि होते ही अधिकारियों की सक्रियता बढ़ गई है। रविवार को भी देर शाम तक समाहरणालय में डीएम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बताया जाता है कि सीएम के कार्यक्रम को लेकर ही बैठक हुई। वहीं मिली जानकारी के अनुसार सीएम का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन में लैंड करेगा। पुलिस लाइन में ही कुछ परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास होगा। उम्मीद है कि सीएम एएनएम, जीएनएम कॉलेज भवन का उद्घाटन भी करेंगे।अररिया में कार्यक्रम की समाप्ति के बाद बुधवार को ही सीएम किशनगंज के लिए रवाना हो जाएंगे। समीक्षा बैठक में राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक का अलावा संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। पांच दिवसीय यात्रा के दौरान सीएम जिन जिलों का भ्रमण करेंगे उन में पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय और शेखपुरा भी शामिल हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।