लाखों की रकम के साथ भारतीय गिरफ्तार
जोगबनी, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि सीमावर्ती शहर विराटनगर में अवैध वित्तीय गतिविधियों पर सशस्त्र प्रहरी बल

जोगबनी, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि सीमावर्ती शहर विराटनगर में अवैध वित्तीय गतिविधियों पर सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक भारतीय नागरिक को लाखों रुपये के साथ गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी अनुसार भारतीय सीमा जोगबनी से सटे विराटनगर वार्ड 15 स्थित दुर्गा चौक पर डीएसपी तिलक बहादुर खड़का के नेतृत्व में विशेष टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर भारत से नेपाल आ रही एक मोटरसाइकिल को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान बिहार के अररिया निवासी 30 वर्षीय अनीश कुमार चौधरी के पास से 5 लाख 1 हजार 15 नेपाली रुपये बरामद किए गए। आरोपी इस रकम का कोई वैध स्रोत नहीं बता सका, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार बरामद राशि अवैध हवाला कारोबार से जुड़ी हो सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी, नकदी और मोटरसाइकिल को आगे की कार्रवाई के लिए इलाका पुलिस कार्यालय रानी को सौंप दिया गया है। इंस्पेक्टर कबीन राई के नेतृत्व में पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है। इसकी पुष्टि एपीएफ डीएसपी तिलक बहादुर खड़का ने की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


