
वोट डालना केवल अधिकार नहीं, हमारी जिम्मेदारी भी
अररिया में रविवार को 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। डीएम विनोद दूहन ने समारोह का उद्घाटन किया और आम जनों को वोट डालने की जिम्मेदारी समझाई। उन्होंने महिला मतदाताओं की भागीदारी पर खुशी जताई और मतदाता सूची की शुद्धता को लेकर संतोष व्यक्त किया।
अररिया, संवाददाता रविवार को जिले में आयोजित 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह का उद्घाटन डीएम विनोद दूहन ने किया। समाहरणालय परिसर स्थित लॉन में आयोजित कार्यक्रम के शुरुआत में स्थानीय बालिका उच्च विद्यालय की छात्राओं ने अपनी शिक्षिका के नेतृत्व में स्वागत गान की प्रस्तुति दी। वहीं जिले के आइकन और गायक अमर आनंद, प्रिया राज, पल्लवी जोशी और श्री सानू ने मतदाता जागरूकता गीत की प्रस्तुति से समां बांध दिया। संचालन जिला कला और संस्कृति पदाधिकारी सान्याल कुमार ने किया। कार्यक्रम के दौरान जहां भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त के संदेश का ऑडियो प्रसारण हुआ। वहीं डीएम ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों और आम जनों को देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को बनाए रखने और धर्म, जाती, वर्ग, समुदाय भाषा आदि से ऊपर उठ कर निर्वाचनों में मताधिकार के प्रयोग की शपथ दिलाई।
वहीं इस मौके पर डीएम ने जिले वासियों को मतदाता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि ये गर्व की बात है कि हम सबसे बड़े लोकतंत्र के नागरिक हैं और नागरिक होने के नाते वोट डालने का अधिकार भी है। ये अधिकार दरअसल आम जनों के हाथों में दी गई बहुत बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि भारत के गणतंत्र को सफल करने में देश के वोटरों का बड़ा योगदान रहा है। क्योंकि देश में सफलतापूर्वक चुनाव होते रहे हैं। वहीं युवा मतदाताओं को संबोधित करते हुए डीएम श्री दुहन ने कहा कि उन्हें ये समझने की जरूरत है कि देश के 75 सालों के सफलता के उदाहरण का वे हिस्सा बनने जा रहे हैं। उन्हें ये बात समझनी चाहिए कि वोट डालना केवल अधिकार नहीं एक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिले वासी अपनी इस जिम्मेदारी को जिस तरह निभाते आए हैं आगे भी निभाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जिले वासियों ने हमेशा लोकतांत्रिक चेतना का प्रदर्शन किया है और लोकतांत्रिक संस्थाओं का मान बढ़ाया है। उन्होंने महिला मतदाताओं की बढ़ती भागीदारी पर भी खुशी जताई। वहीं जिले में हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के बाबत कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता का कार्य जिले में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और उसके बाद हुए चुनाव में जिले के वोटरों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। ये खुशी की बात है। एसआईआर के सफल संचालन के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों, कर्मियों और शिक्षकों आदि को बधाई दी। इस अवसर पर अपर समाहर्ता अनिल कुमार झा, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अजय कुमार ठाकुर, आपदा प्रबंधन के अपर समाहर्ता नवनील कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी मनीष कुमार, सदर एसडीएम रवि प्रकाश, जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार, जिल उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ राम बाबू कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी चंद्रशेखर यादव और एसडीपीओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




