खुर्शीद हत्या मामले में पुलिसिया जांच तेज, संदिग्धों से पूछताछ जारी
जोकीहाट के भगवानपुर पंचायत में मो खुर्शीद की मौत के बाद गांव में मातमी सन्नाटा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। यह इलाका अवैध शराब के कारोबार के लिए भी जाना जाता है।

जोकीहाट, एक संवाददाता जोकीहाट थाना क्षेत्र के भगवानपुर पंचायत के मुसहरी टोला में शुक्रवार शाम तारण निवासी मो खुर्शीद की मौत के बाद दूसरे दिन भी गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा। जहां एक ओर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने के लिए हर संभावित पहलुओं पर सघन जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है। परिजनों के बयान के आधार पर हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है। इस संबंध में थानेदार राजीव कुमार झा बताया कि पुलिस मामले की हर बिंदु पर बारीकी से छानबीन कर रही है। साक्ष्य संकलन के लिए घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मौत के कारणों से पर्दा उठा दिया जाएगा और कानून सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। स्थानीय ग्रामीणों पंचायत के जनप्रतिनिधियों के अनुसार, भगवानपुर पंचायत का यह इलाका लंबे समय से अवैध देशी चुलाई शराब के कारोबार के लिए चर्चा में रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी पुलिस प्रशासन को शिकायतें की गई थीं। आशंका जताई जा रही है कि इस घटना का जुड़ाव भी कहीं न कहीं इसी अवैध गतिविधियों से हो सकता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


