बांस काटने के विवाद में दबंगो ने 65 वर्षीय वृद्ध की गला रेतकर की हत्या
रानीगंज के भिट्ठा गांव में भूमि विवाद को लेकर दबंगों ने 65 वर्षीय बद्री ऋषि की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के दौरान हमलावरों ने घरों में आग भी लगाई। मृतक का इलाज करने के बाद पूर्णिया में मौत हो गई। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया और जांच जारी है।

रानीगंज। एक संवाददाता। रानीगंज थाना क्षेत्र के खरसायी पंचायत अंतर्गत भिट्ठा गांव में पहले से चली आ रही भूमि विवाद में दबंगों ने महादलित परिवार के एक 65 वर्षीय वृद्ध की गला रेतकर हत्या कर दी। इस दौरान दहशत फैलाने के लिए घरों में आग लगा दी। मृतक बद्री ऋषि रानीगंज नगर पंचायत के बघूवा टोला निवासी स्व मंगल ऋषि का बेटा था। तत्कालिक घटना बांस काटने का विवाद बताया जा रहा है। घटना को लेकर मृतक की पुतोहू सरिता देवी ने बताया कि शुक्रवार दिन में बांस काटने को लेकर कुछ लोगों के साथ झगड़ा हुआ था। उस समय वे लोग रात में देख लेने की धमकी देकर चले गए।
इसके बाद शुक्रवार की देर रात को करीब 12 बजे अचानक दस से 12 की संख्या में दबंग बाइक पर सवार होकर लाठी डंडे व धारदार हथियार लेकर आये और अचानक हमला बोल दिया। हमला करने आये लोगों ने आंगन में मचान पर सो रहे बद्री ऋषिदेव को गला रेत दिया। इसके बाद वे लोग घर के अन्य लोगो को खोजने लगे। हमला करने आये लोगों ने महादलित परिवार के घरों में आग भी लगा दी। घटना को लेकर हो हल्ला होने पर स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया। इसके बाद बद्री ऋषिदेव को अधमरे अवस्था में इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया ले जाया गया, वहां पर चिकित्सको ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफ़र कर दिया। पूर्णिया में इलाज के दौरान बद्री ऋषिदेव की मौत हो गयी। इधर घटना की सूचना मिलने पर मौके पर रानीगंज पुलिस पहुंचकर घटना की छानबीन में जुट गयी। इधर शनिवार सुबह एसडीपीओ सुशील कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन में जुट गया। एसडीपीओ ने बताया कि दो पक्षों में बहुत दिनों से जमीन का विवाद चल रहा है। शुक्रवार को पहले बांस काटने को लेकर विवाद हुआ था। मृतक के परिजनों का फर्द बयान लिया जा रहा है। तत्काल तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस हर एंगल से पड़ताल कर रही है। भिट्ठा गांव में स्थिति सामान्य है। शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


