Araria News: वायरल वीडियो का संज्ञान, स्कूल में समतलीकरण शुरू
Araria News: जोगबनी के प्राथमिक विद्यालय खजुरबाड़ी में बारिश के बाद जलजमाव और कीचड़ की समस्या को नगर परिषद ने गंभीरता से लिया है। शनिवार को मिट्टी भराई और समतलीकरण का कार्य शुरू किया गया है, जिससे छात्रों और शिक्षकों को राहत मिलेगी। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद की गई है।

Araria News: जोगबनी, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जोगबनी वार्ड संख्या-10 स्थित प्राथमिक विद्यालय खजुरबाड़ी में बारिश के बाद हुए जलजमाव और कीचड़ की समस्या का नगर परिषद ने संज्ञान लेते हुए समाधान की पहल शुरू कर दी है। शनिवार को नगर परिषद की ओर से विद्यालय परिसर में मिट्टी भराई और समतलीकरण का काम कराया गया। इससे स्कूल आने वाले छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को जलजमाव व कीचड़ से राहत मिलने की उम्मीद है। दरअसल, पिछले दिनों हुई भारी बारिश के बाद विद्यालय परिसर में जन जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी थी। इसी बीच सोशल मीडिया पर विद्यालय से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें बच्चों को जलजमाव वाले परिसर में गतिविधि करते देखा गया था।
वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग, अररिया ने मामले में संज्ञान लेते हुए संबंधित शिक्षिका से स्पष्टीकरण भी मांगा था। विद्यालय परिसर में जलजमाव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने नगर परिषद की मुख्य पार्षद रानी देवी एवं कार्यपालक पदाधिकारी मयंक कुमार से त्वरित कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद शनिवार को नगर परिषद ने विद्यालय परिसर में मिट्टी भराई का काम शुरू कराया। कार्यपालक पदाधिकारी मयंक कुमार और मुख्य पार्षद प्रतिनिधि मुनीलाल यादव ने मौके पर पहुंचकर चल रहे कार्य का निरीक्षण किया। नगर परिषद के अनुसार, परिसर में मिट्टी भराई कर उसे समतल किया जा रहा है, ताकि बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या को कम किया जा सके। नगर परिषद की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


