वीर कुंवर सिंह कॉलोनी में माइक्रोफाइनेंस कंपनी के आठ मोबाइल की चोरी

Dec 16, 2025 12:07 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अररिया
share Share
Follow Us on

सोमवार की सुबह वीर कुंवर सिंह कॉलोनी में मेसर्स सत्या माइक्रो कैपिटल लिमिटेड के कार्यालय से आठ मोबाइल फोन चोरी हो गए। चोर छत के रास्ते कमरे में दाखिल हुए और सभी कर्मचारियों के मोबाइल फोन चुरा लिए। चोरी गए मोबाइल फोन की कीमत लाखों रुपये है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

वीर कुंवर सिंह कॉलोनी में माइक्रोफाइनेंस कंपनी के आठ मोबाइल की चोरी

फारबिसगंज, निज संवाददाता। सोमवार की अहले सुबह करीब चार बजे स्थानीय वीर कुंवर सिंह कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब पिंटू सिंह के मकान में रह रहे मेसर्स सत्या माइक्रो कैपिटल लिमिटेड कंपनी के शाखा में कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मियों के आठ मोबाइल फोन अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए। इसी आवासीय भवन में माइक्रोफाइनेंस कंपनी की शाखा भी संचालित होती है, जहां कंपनी के पदाधिकारी एवं कर्मचारी रहकर कार्यालय का कार्य करते हैं। बताया जाता है कि चोरों ने बड़ी ही सधी हुई योजना के तहत इस वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोर छत के रास्ते ऊपर स्थित एक कमरे में दाखिल हुए और फिर नीचे के तीन कमरों से सभी कर्मचारियों के मोबाइल फोन एकत्र कर चोरी कर ले गए।

चोरी गए मोबाइल फोन की कुल कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है। इस घटना के बाद कंपनी का दैनिक कार्य भी प्रभावित हुआ है। खास बात यह है कि जिन लोगों के मोबाइल चोरी हुए हैं, उनमें कंपनी के शाखा क्षेत्रीय प्रबंधक मनजीत कुमार भी शामिल हैं। चोरी गए मोबाइल धारकों में पिंटू कुमार, प्रिंस कुमार (सहरसा), नंदन कुमार (मधुबनी), मनजीत कुमार (वैशाली), रिंकू कुमार (अररिया) और रौशन कुमार (मधेपुरा) सहित अन्य कर्मचारी शामिल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही अपर थाना अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार, दरोगा अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किए। पुलिस ने पीड़ितों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी एकत्र की। इस दौरान कंपनी के तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा जीपीएस और गूगल आईडी के माध्यम से मोबाइल फोन को ट्रेस करने का प्रयास किया गया, जिसमें यह जानकारी सामने आई कि चोरी किए गए मोबाइल मीरगंज के रास्ते सीमा पार नेपाल स्थित रघुपति जूट मिल परिसर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में ले जाए गए हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोरी के तुरंत बाद मोबाइल फोन नेपाल भेज दिया गया। इधर मकान मालिक पिंटू कुमार ने इस संबंध में थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की गुहार लगाई है। मामले की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। जीपीएस ट्रैकिंग, सर्विलांस और अन्य आधुनिक तकनीकी माध्यमों का सहारा लेकर चोरी गए मोबाइल फोन और चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तरह सक्रिय है और जल्द ही इस मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;