आंगनबाड़ी केंद्रों की 34 सेविकाओं को दंड, दो सहायिका चयनमुक्त
अररिया में 2788 आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच की गई। जांच के दौरान 34 सेविकाओं पर पोषाहार राशि की भरपाई का दंड लगाया गया है। दो सहायिकाओं की चयनमुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। जांच का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और लाभार्थियों तक सुविधाओं की आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

अररिया, वरीय संवाददाता डीएम विनोद दूहन के निर्देश पर जिले में संचालित 2788 आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यापक जांच कराई गई। निरीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताओं के आधार पर 34 आंगनबाड़ी सेविकाओं से पोषाहार राशि की भरपाई के लिए दंड के निर्देश दिए गए हैं। वहीं दो सहायिकाओं की चयनमुक्ति के लिए कार्रवाई की जा रही है। निरीक्षण में केंद्रों की नियमितता, सेविका एवं सहायिका की उपस्थिति, 3 से 6 वर्ष के बच्चों की उपस्थिति, टेक होम राशन का एफआरएस के माध्यम से वितरण, पोषाहार मेनू का प्रदर्शन, केंद्र भवन की स्थिति, बच्चों को दिए जाने वाले गर्म पके भोजन की गुणवत्ता सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई।
साथ ही यह सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया कि कोई भी आंगनबाड़ी केंद्र बंद न रहे तथा केंद्रों से मिलने वाली सभी सुविधाएं लाभुकों तक हर हाल में पहुंचे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित आंगनबाड़ी सेविका, महिला पर्यवेक्षिका एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस जांच अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा सभी वार्डों के बच्चों, धात्री माताओं एवं गर्भवती महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्रों से मिलने वाले लाभों की आपूर्ति सुनिश्चित करना है। जिन आंगनबाड़ी की जांच की गयी उसमें सभी 211 पंचायतों, 03 नगर पंचायतों एवं 03 नगर परिषद क्षेत्र के केन्द्र शामिल हैं।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


