
चुनाव से पहले नेपाल सीमा पर सख्त चौकसी, पांच लेयर की सुरक्षा व्यवस्था तैनात
दोहरी नागरिकता वालों की बढ़ी मुश्किलें, खुली सीमा पर कड़ी निगरानी फारबिसगंज, निज संवाददाता। बिहार
दोहरी नागरिकता वालों की बढ़ी मुश्किलें, खुली सीमा पर कड़ी निगरानी फारबिसगंज, निज संवाददाता। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे व अंतिम चरण के मतदान को लेकर सीमावर्ती अररिया जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। नेपाल से सटे करीब 70 किलोमीटर लंबे सीमा क्षेत्र में न केवल भारतीय सुरक्षा बल (एसएसबी) बल्कि नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। चुनाव के मद्देनज़र जोगबनी बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया गया है, वहीं खुली यानी पोरस बॉर्डर वाले इलाकों — कुशमाहा, भेड़ियारी, फुलकाहा, घूरना, बसमतिया आदि — में भी अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

यहां तक कि झाड़ियों और पगडंडियों से होकर आने-जाने वाले रास्तों पर भी सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। अधिकारियों के अनुसार, चुनाव आयोग और जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशों के पालन में सभी बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पांच-लेयर सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है, जिसमें रोड और रेल मार्गों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा के लिए डॉग स्क्वायड, ट्रैकिंग और डॉग नारकोटिक्स की भी मदद ली जा रही है। फारबिसगंज एसडीओ रंजीत कुमार रंजन ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सीमा पर सुरक्षा का ‘अभेद्य किला’ तैयार किया गया है। वहीं, अररिया एसपी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि सभी सीमावर्ती थाने पहले से अलर्ट मोड में हैं, लेकिन चुनाव को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और सभी सुरक्षा एजेंसियों में तालमेल सुनिश्चित किया गया है। इधर, दोहरी नागरिकता रखने वाले लोगों के लिए इस बार स्थिति और कठिन हो गई है। सीमा सील होने के कारण ऐसे लोगों के आवागमन पर रोक लगाई गई है, जिससे यह संशय बना हुआ है कि वे इस बार मतदान कर पाएंगे या नहीं। दोनों ओर के सुरक्षाकर्मी इस वर्ग पर खास नजर रख रहे हैं।सीमा पर अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजामों का उद्देश्य शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करना ताकि परिंदा भी पर न मार सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




