फारबिसगंज: होली के रंगों व पिचकारियों से सज चुका बाजार
फारबिसगंज में होली की तैयारियों के चलते बाजार सज गए हैं। रंग, गुलाल और पिचकारी की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है। व्यापारियों का कहना है कि ग्राहकों को गुणवत्ता और पैकिंग का ध्यान रखना चाहिए। हालांकि, जाम, आवारा जानवरों की समस्या और महिलाओं के लिए शौचालय की कमी जैसी परेशानियाँ भी सामने आ रही हैं।

फारबिसगंज, एक संवाददाता। शहर में होली को लेकर बाजार पूरी तरह सज चुके हैं। रंग, गुलाल, पिचकारी और होली से जुड़े अन्य सामानों से दुकानें पट गई हैं। प्रमुख बाजार सदर रोड़, छुआ पट्टी,फुलबड़िया हाट समेत अन्य स्थानों पर सुबह से देर रात तक खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। व्यापारियों का कहना है कि ग्राहकों को पैकिंग, ब्रांड और गुणवत्ता देखकर ही खरीदारी करनी चाहिए। बाजारों में बढ़ती भीड़ के साथ बदइंतजामी भी सामने आ रही है। दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। ई-रिक्शा और ऑटो की अव्यवस्थित आवाजाही से रास्ते संकरे हो गए हैं। आवारा जानवरों का आतंक भी बाजारों में बना हुआ है।
व्यापारी दीपक समदरिया कहते हैं, जाम की वजह से ग्राहक दुकान तक पहुंचने में ही परेशान हो जाते हैं। रंग विक्रेता राजू गुप्ता का कहना है, हर्बल रंगों की मांग बढ़ी है, लेकिन नकली माल बाजार में आने से असली व्यापार प्रभावित हो रहा है। महिला कारोबारी कोमल गोयल कहती हैं शहर में महिलाओं के लिए टॉयलेट की व्यवस्था न होना बड़ी समस्या है। मो.कासिम का कहना है, 'त्योहार के दौरान ई-रिक्शा पर नियंत्रण जरूरी है, वरना हालात बिगड़ते रहेंगे। गर्मी बढ़ रही है, लेकिन बाजार में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है। बच्चों के लिए सुरक्षित रंग ही खरीदना चाहिए, सस्ता देखकर समझौता नहीं करना चाहिए। व्यापारियों के मुताबिक शाम ढलते ही बाजारों में कई स्थानों पर अंधेरा पसर जाता है। त्योहार में बिक्री बढ़ती है, लेकिन सुविधाएं न होने से ग्राहक जल्दी लौट जाते हैं। जाम से कई लोग ऑनलाइन खरीदारी की ओर जा रहे हैं। सफाई व्यवस्था के उचित इंतजाम न होने से गंदगी फैली रहती है। ग्राहक रूबी कुमारी बताती हैं कि बाजारों नगर परिषद को अस्थायी शौचालय और पानी की टंकियां लगानी चाहिए। यदि पार्किंग की उचित व्यवस्था हो जाए तो काफी राहत मिल सकती है। व्यापारियों का कहना है कि होली जैसे बड़े पर्व पर नगर परिषद प्रशासन को विशेष व्यवस्था करनी चाहिए। अस्थायी पार्किंग, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और महिलाओं के लिए शौचालय की सुविधा सुनिश्चित की जाए। साथ ही मिलावटी रंगों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि फारबिसगंजवासी सुरक्षित और उल्लासपूर्ण वातावरण में रंगोत्सव मना सकें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



