Araria News: महावीर महोत्सव की शोभायात्रा को लेकर शहर में फ्लैग मार्च
Araria News: फारबिसगंज में 13 सितंबर को महावीर महोत्सव के अवसर पर शोभायात्रा की सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन ने शुक्रवार शाम को फ्लैग मार्च निकाला। एसडीओ अभय कुमार तिवारी की अगुवाई में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न मार्गों का निरीक्षण किया। शोभायात्रा शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

Araria News: फारबिसगंज,निज संवाददाता। आगामी 13 सितंबर को महावीर महोत्सव के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर शुक्रवार की संध्या शहर में प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। फारबिसगंज एसडीओ अभय कुमार तिवारी के नेतृत्व में निकले फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस के महिला एवं पुरुष जवानों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया। फ्लैग मार्च स्थानीय थाना परिसर से शुरू होकर सदर रोड होते हुए सांवलिया कुंज ठाकुरबाड़ी पहुंचा। यहीं से महावीर महोत्सव की शोभायात्रा निकलनी है। इसके बाद प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने प्रस्तावित शोभायात्रा के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए रूट का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च दरभंगिया टोला सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए पुन: सदर रोड पहुंचा और पूरे शहर का भ्रमण करने के बाद थाना परिसर में समाप्त हुआ।इस दौरान एसडीओ अभय कुमार तिवारी के अलावा एसडीपीओ पंकज कुमार, थानाध्यक्ष मनोज कुमार, बीडीओ करमजीत राम, सीओ पंकज कुमार,कार्यपालक पदाधिकारी मयंक कुमार सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। सैकड़ों की संख्या में पुलिस जवानों के फ्लैग मार्च से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की गंभीरता साफ नजर आई। एसडीओ अभय कुमार तिवारी ने कहा कि 13 सितंबर को महावीर महोत्सव के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और रामभक्तों के शामिल होने की संभावना है। शोभायात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो, इसके लिए पूरे शहर और प्रस्तावित रूट का निरीक्षण किया जा रहा है। फ्लैग मार्च के माध्यम से सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने आम लोगों से भी प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।


