18 अप्रैल से चलेगी आनंद विहार-जोगबनी समर स्पेशल ट्रेन

Newswrap हिन्दुस्तान, अररिया
share

फारबिसगंज और सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों के लिए राहत की खबर है। 18 अप्रैल से आनंद विहार से जोगबनी के बीच फर्स्ट क्लास वातानुकूलित समर स्पेशल ट्रेन का परिचालन शुरू होगा। यह ट्रेन एसी की बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगी, जिससे यात्रियों को यात्रा में आराम मिलेगा। इसे नियमित ट्रेन के रूप में चलाने की मांग भी उठ रही है।

18 अप्रैल से चलेगी आनंद विहार-जोगबनी समर स्पेशल ट्रेन

फारबिसगंज, निज संवाददाता। फारबिसगंज सहित सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। दिल्ली के आनंद विहार से जोगबनी के बीच फर्स्ट क्लास वातानुकूलित समर स्पेशल ट्रेन का परिचालन 18 अप्रैल से शुरू होगा। यह ट्रेन 18 अप्रैल को आनंद विहार से सुबह 8:30 बजे खुलेगी और मुरादाबाद, बरेली, गोरखपुर, छपरा होते हुए बरौनी के रास्ते जोगबनी पहुंचेगी। खास बात यह है कि इस रूट पर चलने वाली स्पेशल ट्रेनों में अब तक एसी की बेहतर सुविधा उपलब्ध नहीं थी, लेकिन यह पहली ट्रेन है जिसमें स्लीपर के साथ थर्ड एसी, टू एसी और फर्स्ट एसी की सुविधा दी गई है।

ऐसे में इसे यात्रियों के लिए किसी सौगात से कम नहीं माना जा रहा है। दिल्ली से आने-जाने वाले यात्रियों को पिछले कई दिनों से ट्रेनों में टिकट नहीं मिलने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शादी-विवाह और गर्मी की छुट्टियों के कारण ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ है। ऐसे में इस स्पेशल ट्रेन के शुरू होने से काफी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस ट्रेन को लेकर फारबिसगंज, जोगबनी सहित पूरे सीमांचल क्षेत्र में खुशी की लहर है। वहीं अब इसे नियमित ट्रेन के रूप में चलाने की मांग भी जोर पकड़ने लगी है। डीआरयूसीसी सदस्य बछराज राखेचा ने कहा कि गर्मी का मौसम, छुट्टियां और शादी-विवाह के कारण यह ट्रेन काफी महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने बताया कि सीमांचल एक्सप्रेस में इन दिनों टिकट मिलना मुश्किल हो गया है और यात्रियों की स्थिति बेहद खराब है। ऐसे में यदि इस ट्रेन को नियमित कर दिया जाए तो यह भी सीमांचल एक्सप्रेस की तरह इस क्षेत्र की लाइफ लाइन बन सकती है।उन्होंने यह भी कहा कि कटिहार-जोगबनी रूट पर यह पहली फर्स्ट एसी सुविधा वाली ट्रेन है, जिससे यात्रियों को बेहतर यात्रा का विकल्प मिलेगा। बताया जाता है कि जोगबनी से आनंद विहार के लिए सीमांचल एक्सप्रेस तथा जोगबनी से कोलकाता के लिए चितपुर एक्सप्रेस पहले से चलती हैं, लेकिन इनमें फर्स्ट एसी की सुविधा नहीं है। इस कारण इस नई ट्रेन को ऐतिहासिक माना जा रहा है। स्थानीय सांसद प्रदीप सिंह ने इस समर स्पेशल ट्रेन के संचालन के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए जल्द ही चितपुर एक्सप्रेस को प्रतिदिन करने तथा जोगबनी-दानापुर ट्रेन के समय में बदलाव की मांग को लेकर रेल मंत्री से मुलाकात की जाएगी।यह समर स्पेशल ट्रेन 18 अप्रैल से 11 जुलाई तक आनंद विहार से जोगबनी तक चलेगी, जबकि जोगबनी से यह ट्रेन 19 अप्रैल से 12 जुलाई तक आनंद विहार के लिए संचालित होगी। इस अवसर पर बछराज राखेचा के अलावा विनोद सरावगी, चंदन भगत, राकेश रौशन, जदयू नेता रमेश सिंह, पवन मिश्रा, समाजसेवी वाहिद अंसारी, शाहजहां, भाजपा नेता दिलीप मेहता, सुधीर सिंह, प्रताप नारायण मंडल, राहिल खान, प्रवीण कुमार सहित अन्य लोगों ने रेल मंत्री को बधाई देते हुए इस ट्रेन को नियमित एवं प्रतिदिन चलाने की मांग की है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।