Hindi NewsBihar NewsAraria NewsFire Disaster in Farbisganj Two Homes Burned Victims Demand Aid
फारबिसगंज: मझुवा में आग लगने से दो घर जले, लाखों का हुआ नुकसान

फारबिसगंज: मझुवा में आग लगने से दो घर जले, लाखों का हुआ नुकसान

संक्षेप:

फारबिसगंज के मझुवा पंचायत में शनिवार रात आग लगने से दो घर जलकर राख हो गए। गृहस्वामी सुरेश मंडल ने बताया कि आग की लपटें उठने पर परिवार सो रहा था। आग में 45 हजार रुपये, गहने, कपड़े और अनाज जल गए, जिससे दो से ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ। ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाई।

Jan 12, 2026 12:14 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अररिया
share Share
Follow Us on

फारबिसगंज, एक संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के मझुवा पंचायत के वार्ड संख्या 11 में शनिवार की देर रात अचानक लगी आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस भीषण आगलगी की घटना में दो घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। पीड़ित गृहस्वामी सुरेश मंडल ने बताया कि घटना के वक्त पूरा परिवार सो रहा था। रात करीब 2:30 बजे जब उनकी नींद खुली तो बगल के घर से आग की तेज लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने उनके घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। गृहस्वामी सुरेश मंडल ने बताया कि इस अगलगी की घटना में घर में बेटी की शादी के लिए रखे गए 45 हज़ार रुपये नगद सहित सोने-चांदी के गहने, कपड़े, अनाज समेत सभी घरेलू सामान जलकर पूरी तरह से राख हो गया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इसके अलावा आग की चपेट में आने से दो मवेशी भी गंभीर रूप से झुलस गए, जिससे परिवार को करीब दो से ढाई लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। इस घटना के बाद पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना के दौरान फायर ब्रिगेड को कई बार कॉल किया गया, लेकिन किसी कारणवश कॉल रिसीव नहीं हो सका। इसके बाद शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अगर ग्रामीण समय पर मदद के लिए नहीं पहुंचते तो नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था। हालांकि आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। वहीं घटना को लेकर स्थानीय विधायक मनोज विश्वास ने बताया कि उन्हें आगलगी की सूचना मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि वे फिलहाल पटना में हैं, लेकिन संबंधित पदाधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी गई है। प्रशासन के द्वारा जल्द ही क्षति का आकलन कराया जाएगा और पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत एवं मुआवजा देने की मांग की है।