अररिया: बिढ़नी की छत्ता में लगी आग, चार लाख का नुकसान
सोमवार रात फारबिसगंज के अस्पताल रोड पर बिढ़नी की छत्ता से आग लग गई, जिससे करीब चार लाख की संपत्ति जलकर राख हो गई। गृहस्वामी कपिल देव मेहता का घर लकड़ी का था, जिसमें महत्वपूर्ण सामान रखा था। आग बुझाने के लिए अग्निशामक टीम मौके पर पहुंची, अन्य घरों को बचाने में सफल रही।

फारबिसगंज, निज संवाददाता। सोमवार की देर रात अस्पताल रोड वार्ड संख्या 7 में बिढ़नी की छत्ता से आग लग जाने से करीब चार लाख की संपत्ति जलकर राख हो गई। पीड़ित गृहस्वामी कपिल देव मेहता, पिता स्वर्गीय हलेश्वर मेहता, मूल रूप से हरिपुर के निवासी हैं, लेकिन उनका पुराना घर अस्पताल रोड में स्थित है। यह घर सखूवा की लकड़ी से बना था, जिसमें ग्रिल और गेट निर्माण से जुड़ा सामान, मोटर तथा अन्य मूल्यवान वस्तुएं रखी हुई थीं। बताया जाता है कि दिन में मजदूरों द्वारा बिढ़नी की छत्ता उजाड़ने के लिए आग लगाई गई थी। आग पूरी तरह बुझी नहीं थी और उसी की चिंगारी धीरे-धीरे लकड़ी में फैलती गई।
रात लगभग 10 बजे तक आग ने पूरे लकड़ी के घर को अपनी चपेट में ले लिया। यह घर अंकित मिश्रा को किराए पर दिया गया था, लेकिन जिस कमरे में वे रहते थे, वह सुरक्षित रहा। सूचना मिलते ही अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, जिससे आसपास बने अन्य कई घर सुरक्षित बचे। मौके पर मौजूद रमेश मेहता, बिलाल अली, विष्णु यादव, मनोज सिंह, संतोष पासवान, शंभू मेहता आदि ने बताया कि फायर ब्रिगेड समय पर नहीं आता तो नुकसान काफी बड़ा हो सकता था। फारबिसगंज थाना अध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए पुराने लकड़ी के घर के जलने की बात कही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




