एएनएम ट्रेनिंग स्कूल के न्यूट्रिशन लैब में लगी आग, अफरातफरी
फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल परिसर स्थित एएनएम ट्रेनिंग स्कूल में शनिवार को न्यूट्रिशन लैब में आग लग गई। आग शॉर्ट सर्किट से लगी और इससे 70 नर्सिंग छात्राएं घबरा गईं। फायर ब्रिगेड ने समय पर आग पर काबू पा लिया। कोई जानमाल की हानि नहीं हुई, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ गए हैं।

फारबिसगंज, निज संवाददाता। फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल परिसर स्थित एएनएम ट्रेनिंग स्कूल में शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब न्यूट्रिशन लैब में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी, जिससे पूरा स्कूल धुएं से भर गया। उस समय परिसर में करीब 70 नर्सिंग छात्राएं मौजूद थीं। इनमें से लगभग 30 छात्राएं अस्पताल में प्रैक्टिकल कर रही थी जबकि करीब 40 छात्राएं कक्षा में अध्ययनरत थीं। धुएं के कारण छात्राओं में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। जान बचाने के लिए छात्राएं क्लासरूम से बाहर निकलने लगीं। इस दौरान करीब आधा दर्जन छात्राएं को डर समा गया।
इनमें से एक तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिक्षिका निशा मार्शलेश ने बताया कि रूटीन कार्य चल रहा था। कम्यूनिटी व न्यूट्रिशन लैब सामान्यत: क्लास के दौरान ही खुलती है। प्रथम और द्वितीय वर्ष की छात्राएं बगल के कक्ष में थीं, तभी हल्ला होने पर पता चला कि लैब में आग लगी है और धुआं फैल चुका है। तुरंत इमरजेंसी उपाय किए गए और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। एएनएम स्कूल के प्रभारी प्राचार्य इमरान खान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। जानमाल की क्षति नहीं हुई और बड़ी घटना टल गई, लेकिन इस घटना ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वही इस संबंध में विद्युत एसडीओ कोमल कुमारी ने बताया कि स्कूल से आग लगने की सूचना पर तुरंत विद्युत आपूर्ति ठप कर दी गई। हालांकि इसमें विभाग की कोई गलती नहीं है। यह स्कूल के अंदर का मामला है। बताया जाता है कि शॉर्ट सर्किट से लगी इस आग से खासकर न्यूट्रीशन लैब को भारी नुकसान पहुंचा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



