
सशक्त स्थायी समिति की बैठक में विकास योजनाओं पर बनी सहमति
फारबिसगंज में मुख्य पार्षद बीना देवी की अध्यक्षता में स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणतंत्र दिवस समारोह और महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण पर चर्चा हुई। विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों के लिए आवेदनों की समीक्षा की गई और निर्माण कार्यों के लिए सहमति दी गई।
फारबिसगंज, निज संवाददाता। नगर परिषद स्थित मुख्य पार्षद कार्यालय कक्ष में सोमवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद बीना देवी ने की। इस बैठक में नगर विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श कर योजनाएं बनाई गईं। बैठक में उपमुख्य पार्षद नूतन भारती, कार्यपालक पदाधिकारी रणधीर लाल, प्रधान सहायक कुंदन सिंह, लेखपाल रजनी सिंह के अलावा स्थायी समिति के सदस्य मनोज सिंह एवं गणेश गुप्ता उपस्थित रहे। बैठक में आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह तथा इसके एक दिन पूर्व महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर सहमति बनी।
इसके अलावा विभिन्न वार्ड पार्षदों द्वारा वार्ड संख्या 4, 5, 7, 8, 10, 13, 16, 17 एवं 23 में विकास कार्यों को लेकर दिए गए आवेदनों का अवलोकन किया गया। वार्ड संख्या 3 में सोनू राय के घर से महेश शर्मा के घर तक आरसीसी नाला निर्माण, वार्ड संख्या 6 में डॉ. निर्मल झा के घर से जितेंद्र नारायण प्रसाद के घर तक निर्माण कार्य पर विस्तार से चर्चा की गई। मेला रोड स्थित सीताधार पुल पर रेलिंग निर्माण, नगर परिषद गेट से विनोद मिश्रा के घर तक तथा स्वर्गीय गुलाब साह के घर से मोती सिंह के घर तक फेवर ब्लॉक सोलिंग लगाने पर समिति ने सहमति जताई। इसके साथ ही नगर परिषद कार्यालय के पुराने भवन के रंग-रोगन पर भी विचार किया गया। बैठक में गत 17 नवंबर को कर्मचारी संघ द्वारा दिए गए आवेदन पर भी चर्चा की गई और संबंधित मामलों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




